भिवानी। जिला परिषद का चुनाव कई वार्डों में काफी दिलचस्प हो गया है। तोशाम क्षेत्र के गांवों में जिला परिषद के लिए चुनावी घमासान मचा है। क्योंकि कई बड़े गांव भी हैं, जिनकी चौधर की इस जंग में प्रत्याशी की जीत में अहम योगदान की उम्मीद है। जिला परिषद चुनावों की जीत पर भावी विधानसभा चुनावों में नए दावेदारों पर भी नजरें टिकी हैं, क्योंकि आगामी 2024 में होने वाले विधानसभा चुनाव भी पार्टी और प्रत्याशी के रुख को स्पष्ट कर देगी।
जिला परिषद चुनावी मैदान में उतरे सभी प्रत्याशी अपनी-अपनी जीत के लिए जीतोड़ मेहनत करने में जुटे हैं। हालांकि चुनावी माहौल काफी गर्म हो चुका है। क्योंकि जिला परिषद चुनावों में मतदान के लिए अब बहुत कम समय बचा है। जिला परिषद के वार्ड 12 में चुनावी घमासान है। यहां पर मुकाबला तिकोणीय माना जा रहा हैं, लेकिन कई मजबूत दावेदार भी इस मुकाबले में कांटे की टक्कर देने के लिए डटकर खड़े हैं। सत्ता पक्ष की पार्टी से दो नेताओं की महिलाएं इस बार जिला परिषद चुनावी मैदान में कूद चुकी हैं, जिन्हें जीत के नजदीक लाने के लिए हर संभव कोशिश हो रही है, क्योंकि ये पार्टी नेताओं की साख का भी सवाल बना है। वहीं एक सत्ता सहयोगी पार्टी से भी महिला चुनावी मैदान में कूद चुकी है। इसी के साथ दो सामाजिक कार्यकर्ताओं के परिवार से भी महिलाएं चुनावी मैदान में डटकर कड़ा मुकाबला दे रही हैं।
जिला परिषद के वार्ड 12 में करीब आधा तोशाम कस्बा शामिल है। जबकि इस वार्ड में दांगकलां, दांग खुर्द, सागवान, ढाणी रिवासा, खरकड़ी सोहान, खरकड़ी माखवान, धारण, दुल्हेड़ी, ढाणी बीरण, लक्ष्मण पुरा गांव शामिल हैं। वार्ड में चुनावी माहौल काफी गर्म है और प्रत्याशियों का चुनावी प्रचार भी चरम पर है। रोचक बात यह भी है कि तोशाम क्षेत्र राजनीति का गढ़ माना जाता है। प्रदेश की राजनीति में दिग्गज भी यहां की राजनीति में काफी सक्रियता से लगे हैं, लेकिन जिला परिषद चुनावों की बात करें तो यहां पर दो महिला प्रत्याशी सत्ता पक्ष के खेमे से हैं, जबकि एक महिला प्रत्याशी सत्ता पक्ष की सहयोगी पार्टी से जुड़ी हैं। हालांकि इन महिला प्रत्याशियों के परिवार यहां पर सामाजिक कार्यकर्ता और व्यापारिक दोनों ही तौर पर अपनी पेठ जमा चुके हैं, लेकिन फिर भी इनके अलावा दो समाजसेवी परिवार की महिलाएं चुनावी मैदान में इनके वोटों के समीकरण को बिगाड़ने के हर संभव प्रयास में हैं। वार्ड 12 महिला प्रत्याशियों का है इसलिए चुनावी माहौल में महिलाओं को वोट दिलाने के लिए साख बड़े-बडों की दाव पर लगी है। जिला परिषद चुनावों की हारजीत भावी विधानसभा चुनावों पर भी इसका सीधा असर डालेंगी। क्योंकि जिन गांवों में जिस पार्टी और प्रत्याशी का दावा अधिक मजबूत होगा, उसे ही भविष्य में राजनीति में आगे आने और अपना भाग्य चमकाने का सुनहारा मौका भी मिलेगा।
---------------------------
वार्ड 12 के गांव कुल जनसंख्या
अलखपुरा- 1603
तोशाम- 4409
सागवान- 6179
दांगकलां- 2161
दांगखुर्द- 2110
खरकड़ी माखवान- 2591
झांवरी- 1526
लक्ष्मणपुरा- 1098
खरकड़ी सोहान- 2701
ढाणी रिवासा- 2124
रिवासा- 4204
ढाणी बीरन- 1055
दुल्हेड़ी- 4090
धारण- 1128