भिवानी। शहर की राजीव कॉलोनी में घर से घूमने के लिए निकले एक युवक का बीच में रास्ता रोककर उसके साथ मारपीट करने व छीना झपटी किए जाने का मामला सामने आया है। सिविल लाइन पुलिस ने घायल हुए युवक की शिकायत पर चार युवकों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
सिविल लाइन पुलिस को दी शिकायत में राजीव कॉलोनी निवासी कंवर सिंह ने बताया कि वह आठ जनवरी की सुबह सेक्टर 13 के पार्क में घूमने जा रहा था कि इसी दौरान रास्ते में वाटर प्लांट के सामने चार युवकों ने उसे रोक लिया। ये चारों अवैध रूप से शराब बिक्री करा रहे हैं। इसी रंजिश के चलते उसके साथ आरोपियों ने बीच रास्ते में मारपीट की। आरोपियों के चंगुल से निकलकर वह वापस घर की तरफ दौड़ा और घर के अंदर घुस गया। जब उसे सुध आई तो उसका मोबाइल फोन, गले से सोने की चेन और जेब से दस हजार रुपये की नकदी भी गायब थी। उसने आरोप लगाया कि आरोपियों ने उसकी नकदी और मोबाइल फोन व सोने की चेन छीन ली। पुलिस ने युवक की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।