भिवानी। अब गुनाहों से दूर होकर जिला कारागार में बंदी न केवल खेतीबाड़ी के गुर सीख रहे हैं, बल्कि स्वच्छ आबोहवा के लिए भी पर्यावरण की डोर थामे अपना योगदान दे रहे हैं। भिवानी जिला जेल प्रशासन के प्रयासों से बंदियों ने करीब दो हजार वर्गगज में लघु उपवन तैयार किया है। इसमें करीब पांच हजार फल और फूलदार पौधे भी रोपित किए गए हैं। इनका फायदा यहां बंदियों को मिलेगा।
प्रदेश के बिजली एवं जेल मंत्री रणजीत सिंह चौटाला और सीआईडी चीफ सेवानिवृत्त अनिल राव ने 15 अगस्त को जिला कारागार के अंदर 15 अगस्त को पौधा लगाकर लघु उपवन की शुरुआत की थी। जिला जेल अधीक्षक सेवा सिंह ने बताया कि महानिदेशक जेल मोहम्मद अकील के निर्देश पर जेल परिसर को हरा भरा बनाने का प्रयास किया जा रहा है। इसी कड़ी में जेल के अंदर खाली पड़ी करीब दो हजार वर्गगज भूमि पर लघु उपवन तैयार किया है। इस लघु उपवन में पौधरोपण किया गया है। इसकी देखरेख भी यहां बंदियों द्वारा की जाएगी। लघु उपवन में फूलदार और औषधीय पौधे भी जापानी तकनीक से लगाए हैं।
उपवन के लिए जेल में ही तैयार हो रही ऑर्गेनिक खाद
जेल अधीक्षक सेवा सिंह ने बताया कि जेल के अंदर ही ऑर्गेनिक खाद तैयार की जाती है। बंदियों का बचा हुआ भोजन भी यहां खाद तैयार करने में प्रयोग करते हैं। आर्गेनिक खाद से जेल के अंदर ही बंदियों के लिए आर्गेनिक सब्जियां भी तैयार करा रहे हैं। इसी के साथ जेल परिसर में खाली पड़ी जगह को भी पर्यावरण हरा भरा बनाने में इस्तेमाल किया जा रहा है। यहां के वातावरण में आने के बाद बंदी को अपराध से दूर रखने के लिए प्रकृति के काफी नजदीक लाने की कोशिश की जा रही है।