धनतेरस की तरह ही शनिवार को छोटी दिवाली पर भी बाजार में धनवर्षा हुई। लगातार दूसरे दिन बाजारों में खरीदारी करने लोगों की भीड़ उमड़ी। शुक्रवार की तरह शनिवार को भी विभिन्न मार्केट का कारोबार 10 करोड़ का आंकड़ा छू गया। वहीं, त्योहारी सीजन के दो दिनों में हुए कारोबार से व्यापारी, दुकानदार और स्टॉलधारक खुश हैं।
बता दें कि धनतेरस पर भी दादरी शहर की मार्केट में करीब 10 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ था और सुबह से शाम तक मार्केट में ग्राहकों की भीड़ रही। शनिवार की अगर बात करें तो रात साढ़े 8-9 बजे तक स्टॉलें सजी। छोटी दिवाली से भी दुकानदारों और व्यापारियों को काफी उम्मीदें रहीं और कारोबार उम्मीद के मुताबिक हुआ। पिछले दो दिनों में 20 करोड़ रुपये का कारोबार होने से व्यापारी वर्ग काफी संतुष्ट है। अहम बात यह है कि छोटी दिवाली पर भी धनतेरस की तरह ही सभी मार्केट गुलजार रहीं।
शनिवार की बात करें तो ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स, गारमेंट्स, सराफा, बर्तन व साज-सज्जा मार्केट में सुबह आठ से लेकर रात 9 बजे तक ग्राहकों की भीड़ रही। सुबह 11 से शाम चार बजे तक तो बाजारों में पैर रखने तक की जगह नजर नहीं आई।
- इन मार्गाें पर सुबह से शाम तक रही भीड़
कोर्ट रोड के अलावा बस स्टैंड रोड, पुरानी सब्जी मंडी रोड, मंगल मार्केट, रेलवे रोड, पुरानी अनाज मंडी रोड मार्केट में सबसे अधिक ग्राहक उमड़े। वहीं, भीड़ के मद्देनजर शनिवार को भी सुरक्षा प्रबंध पुख्ता रहे। लगातार तीसरे दिन कोर्ट रोड और मेन बाजार में चार पहिया वाहनों का प्रवेश बंद रहा और इससे खरीदारी करने वाले ग्राहकों को ज्यादा परेशानी नहीं हुई।
- सराफा बाजार में चांदी के गहनों की तो इलेक्ट्रॉनिक मार्केट में एलईडी-फ्रिज की रही डिमांड
सराफा बाजार की बात करें तो रविवार को चांदी के गहनों की डिमांड अधिक रही। लोगों ने चांदी के सिक्के, गणेश-लक्ष्मी की मूर्ति समेत सोने की अंगूठी और चेन की खरीददारी अधिक की। वहीं, इलेक्ट्रॉनिक्स मार्केट में एलईडी और डबल डोर फ्रिज की डिमांड रही। गिफ्ट मार्केट में चॉकलेट व ड्राई फ्रूट के गिफ्ट हैंपर की मांग अधिक रही।
- दो दिन में बिके 300 वाहन
ऑटोमोबाइल मार्केट में उम्मीद के मुताबिक ही कारोबार हुआ। दो दिनों की बात करें तो करीब 300 वाहनों की बिक्री हुईं। इनमें से 240 दोपहिया और 60 चारपहिया वाहन शामिल हैं। गत वर्ष के मुकाबले इस बार ऑटोमोबाइल सेक्टर में अच्छा कारोबार हुआ।
- कड़े रहे सुरक्षा प्रबंध, नहीं हुई कोई वारदात
त्योहारी सीजन में पुलिस के सुरक्षा प्रबंध लगातार बेहतर हैं। शनिवार को भी पुलिस ने परशुराम चौक, कोर्ट के पिछली तरफ वाली सड़क पर, आंबेडकर चौक पर, लाला लाजपतराय चौक पर बैरिकेड्स लगाए। इसके अलावा पांच बाहरी क्षेत्रों में भी नाकाबंदी की गई। राहत की बात यह है कि इस त्योहारी सीजन में स्नेचिंग या चोरी की एक भी वारदात नहीं हुई।
धनतेरस की तरह ही छोटी दिवाली पर भी कारोबार अच्छा रहा। व्यापारी काफी हद तक संतुष्ट हैं। तीन साल बाद जिले की मार्केट गुलजार हुई है।
-रविंद्र गुप्ता, संरक्षक, दादरी नगर व्यापार मंडल