भिवानी। गांव नौरंगाबाद के खेतों में मिलने वाले मानव कंकाल मामले में सदर पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मृतक की पहचान घोसियान चौक क्षेत्र निवासी 82 वर्षीय राजकुमार के रूप में हुई है। राजकुमार मानसिक बीमार था और तीन बच्चों का पिता था।
परिजनों ने 27 मई को शहर पुलिस थाना में उसकी गुमशुदगी की रपट भी दर्ज कराई थी। सदर पुलिस को नौरंगाबाद के पास खेतों में मानव कंकाल मिला था, जिसका कुत्तों ने शरीर नोच खाया था, लेकिन कंकाल पर मिले कपड़ों की वजह से उसकी शिनाख्त हो पाई। फिलहाल पुलिस ने मृतक के बेटे के बयान दर्ज कर इस संबंध में इत्तेफाकिया मौत मामले की कार्रवाई की है।
सदर पुलिस को दिए बयान में घोसियान चौक क्षेत्र निवासी प्रदीप ने बताया कि वे तीन भाई हैं। उनके पिता 82 वर्षीय राजकुमार मंदबुद्धि हैं। उसके पिता अचानक ही घर से लापता हो गये थे। जिसके संबंध में 27 मई को शहर पुलिस थाना में गुमशुदगी की रपट दर्ज कराई गई थी। वहीं पिता की परिजनों ने भी काफी तलाश की। उनके पिता को रोहतक रोड पर किसी ने जाते हुए भी देखा था।
पुलिस को नौरंगाबाद के खेतों से मानव कंकाल मिला तो परिजनों ने शवगृह पहुंचकर शिनाख्त राजकुमार के रूप में कर दी। खरककलां पुलिस चौकी के जांच अधिकारी प्रहलाद ने बताया कि पुलिस ने मृतक के बेटे प्रदीप के बयान दर्ज कर इस संबंध में इत्तेफाकिया मौत मामले की कार्रवाई की है।