ढिगावामंडी में नशे के खिलाफ पंचायत को संबोधित करते वक्ता।
ढिगावामंडी। नशा मुक्त अभियान को लेकर वीरवार को सरपंच व ग्रामीणों के बीच बैठक का आयोजन धर्मशाला में किया गया। बैठक में गांव के सरपंच धर्मबीर नेहरा की अगुवाई में सैकड़ों ग्रामीणों ने भाग लिया और नशे के खिलाफ एकजुटता का परिचय दिया। इस दौरान 31 लोगों की कमेटी बनाई है।
गौरतलब है कि बीते दिनों सरपंच एवं नशा मुक्त कमेटी के प्रधान संदीप की देखरेख में ढिगावा में नशीली दवाइयों का कारोबार करते निजी मेडिकल स्टोर संचालक को गिरफ्तार किया गया है। उसी घटना के संदर्भ में यह बैठक बुलाई गई, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके और युवा पीढ़ी को नशे की गिरफ्त में जाने से बचाया जा सकें।
पंचायत में वक्ताओं ने नशे के दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि समाज को इस बुराई से मुक्त करने के लिए प्रत्येक नागरिक को जागरूक होना होगा। साथ ही प्रशासन से भी सख्त कार्रवाई की मांग की गई। ग्रामीणों ने संकल्प लिया कि गांव में नशा बेचने या इस्तेमाल करने वालों की पहचान कर तुरंत संबंधित प्रशासन को सूचना दी जाएगी और किसी भी सूरत में नशे को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस दौरान 31 लोगों की कमेटी बनाई है। यह कमेटी अधिकारियों से मिलकर मेडिकल को बंद करवाने व नशा बेचने वालों के विरुद्ध कठोर कदम उठाने के लिए काम करेगी।
सरपंच धर्मवीर सिंह नेहरा ने पंचायत का फैसला सुनाते हुए कहा की दो दिन पहले मेडिकल स्टोर को प्रशासन द्वारा सील कर दिया गया है।
अब ग्रामीणों ने मेडिकल स्टोर पर कार्रवाई करने के लिए कमेटी गठित कर दी है जो कि अपना फैसला लेगी और नशाखोरी करने वालों के खिलाफ काम करेगी।