भिवानी। सड़क हादसे में घायल दुकानदार ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर पुलिस पोस्टमार्टम कार्रवाई के लिए अस्पताल पहुंची। पुलिस ने मृतक के परिजनों के बयान पर इस संबंध में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
उल्लेखनीय है कि नई बस्ती निवासी 27 वर्षीय रमा शंकर की महम रोड स्थित बड़ चौक पर हुक्का तंबाकू की दुकान थी। वीरवार रात करीब दस बजे वह अपनी बाइक पर दुकान से घर जा रहा था। जब वह महम रोड स्थित गोशाला के नजदीक पहुंचा तो तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मारी। गंभीर हालत में उसे आपातकालीन विभाग लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया गया। परिजन उसे रोहतक पीजीआई की बजाए गुरुग्राम के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां शुक्रवार शाम करीब पांच बजे उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। मामले की सूचना सदर पुलिस थाना को दी। सूचना मिलने पर जांच अधिकारी एचसी आनंद अस्पताल पहुंचे। जांच अधिकारी एचसी आनंद ने बताया कि मृतक तीन भाई बहन है। मृतक के पिता अनिल शर्मा के बयान पर इत्तफाकिया मौत मामले की कार्रवाई की है। शनिवार सुबह पोस्टमार्टम कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।