भिवानी। दिनोद रोड जीतुवाला क्षेत्र में पकौड़े की दुकान पर बैठे दुकानदार पर गोली चलाने के मामले में सिटी पुलिस ने दो युवकों के खिलाफ हत्या प्रयास व आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। घायल युवक ने पुलिस को दिए बयान में दो युवकों पर पुरानी रंजिश के चलते गोली चलाने का शक जताया है। वहीं पुलिस की जांच हर पहलु पर घूम रही है। फिलहाल पुलिस ने दो युवकों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
सिटी पुलिस को दिए बयान में जीतुवाला जोहड़ क्षेत्रवासी 24 वर्षीय पंकज ने बताया कि उसकी दिनोद रोड पर पकौड़े की दुकान है। रविवार शाम करीब चार बजे वह अपनी दुकान पर पकौड़े बना रहा था कि इसी दौरान मुंह पर कपड़ा बांधे दो युवक बाइक से वहां पहुंचे। पीछे बैठे युवक ने उसकी तरह हत्या की नियत से गोली चला दी। गोली उसकी बायें पैर की जांघ में जा धंसी। गोली लगने के बाद उसका दोस्त प्रीतम उर्फ ढिल्लू उसे इलाज के लिए जिला सामान्य अस्पताल लेकर पहुंचा। पुलिस को दी शिकायत में पंकज ने बताया कि उसकी ब्रजवासी कॉलोनी निवासी विक्की व प्रदीप उर्फ ऐड़ा के साथ पुरानी रंजिश है। उसे गोली चलाने का शक भी उन्हीं पर है। बताया जा रहा है कि करीब दो माह पहले पंकज की दुकान पर विक्की व प्रदीप का झगड़ा हो गया था। आरोपियों ने पंकज के साथ मारपीट भी की थी। इसी के बाद उनकी रंजिश चल रही थी।
वहीं टीआईटी पुलिस चौकी इंचार्ज सुरेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने पंकज की शिकायत पर दो युवकों के खिलाफ हत्या प्रयास व आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस हर पहलु से मामले की जांच में जुटी है, जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।