नया बस स्टैंड क्षेत्र स्थित एक कन्फेक्शनरी की दुकान पर आई-20 कार में आए दो बदमाश दिनदहाड़े दुकानदार के साथ मारपीट कर गल्ले से 12 हजार रुपये और मोबाइल छीनकर फरार हो गए। दुकानदार ने पीछा किया तो आरोपियों ने उस पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया। सिटी पुलिस ने दुकानदार की शिकायत पर दो आरोपी युवकों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव निनान निवासी संजय ने बताया कि उसकी रोहतक रोड स्थित नया बस स्टैंड के सामने कृष्णा कन्फेक्शनरी के नाम से दुकान है। रविवार दोपहर बाद तीन बजे आई-20 कार में दो युवक उसकी दुकान पर आए और ठंडे की बोतल मांगी। जिस पर करीबन 70 से 80 रुपये की राशि का भुगतान करने के लिए दुकानदार ने बोला तो दोनों युवकों ने पैसे देने से मना कर दिया। इसी दौरान आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की। फिर उसके गल्ले से जबरन 12 हजार रुपये निकालकर भागने लगे। जब उसने फोन मिलाने की कोशिश की तो आरोपियों ने उसका फोन भी छीन लिया और फिर गाड़ी में बैठकर जाने लगे। इसी दौरान दुकानदार ने उन्हें गाड़ी से रोकने का प्रयास किया। मगर आरोपी युवकों ने उसे टक्कर मारते हुए गाड़ी को रोहतक रोड की तरफ दौड़ा दिया। संजय ने बताया कि आरोपी गल्ले से 12 हजार की नकदी के अलावा उसका फोन छीन ले गए, जबकि खरीदे गए सामान का भुगतान भी नहीं किया। सूचना पर पुलिस भी पहुंची। पुलिस ने संजय की शिकायत पर दो युवकों के खिलाफ स्नेचिंग का केस दर्ज किया है।