भिवानी। तेलीवाड़ा क्षेत्र में खराब सीवर व्यवस्था और जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों की कथित लापरवाही के विरोध में नागरिकों ने जन संघर्ष समिति भिवानी के नेतृत्व में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में मोहल्ले की महिलाओं और पुरुषों ने भाग लेते हुए विभाग के प्रति रोष व्यक्त किया और सीवर व्यवस्था को तुरंत दुरुस्त करने की मांग उठाई।
जन संघर्ष समिति के संयोजक कामरेड ओम प्रकाश व व्यापारी नेता देवराज मेहता ने कहा कि तेलीवाड़ा की गली में काफी दिनों से सीवर व्यवस्था ठप पड़ी है। गली नीची होने के कारण बरसात के दिनों में पानी भर जाता है जबकि सीवरेज ओवरफ्लो होने से स्थानीय निवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि नागरिक कई बार विभागीय अधिकारियों को शिकायत कर चुके हैं और टेलीफोन के माध्यम से भी समस्या से अवगत करा चुके हैं, लेकिन अभी तक इसका स्थायी समाधान नहीं किया गया। स्थानीय निवासी देवराज महता, कमला रानी, दिनेश ने कहा कि यहां पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। यदि समय रहते मरम्मत और सफाई नहीं करवाई गई तो किसी बड़े हादसे की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
सीवर का गंदा पानी जमा रहने से मच्छरों के पनपने और डेंगू सहित अन्य बीमारियां फैलने का खतरा भी बढ़ रहा है। कामरेड ओमप्रकाश व देवराज मेहता ने चेतावनी दी कि यदि अगले दिन सीवर की सफाई और आवश्यक मरम्मत का काम शुरू नहीं किया गया तो स्थानीय नागरिक जन संघर्ष समिति के नेतृत्व में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के कार्यालय पर धरना देने और अधिकारियों का घेराव करने के लिए मजबूर होंगे।
वहीं एसडीओ ने स्थानीय लोगों की समस्या समाधान का आश्वासन दिया। प्रदर्शन में ज्योति चावला, आशा रानी, सुनीता, सरला, शकुंतला, शीमा, सतपाल, अवनीश चावला, शिव कुमार सनेजा, राजाराम मौजूद रहे।