बहल (भिवानी)। पूर्व कृषि मंत्री जेपी दलाल ने किसानों के लंबित बीमा क्लेम को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि यह बीमा क्लेम विधानसभा चुनाव से पहले किसानों को मिल जाना चाहिए था लेकिन एक साजिश के तहत इसे चुनाव से पहले फसल खराबा निर्धारण की नई शर्त लगाकर रोक दिया गया।
उन्होंने कहा कि यदि किसानों को यह मुआवजा चुनाव से पहले मिल जाता तो निश्चित रूप से चुनाव में भाजपा को बड़ा फायदा मिलता। वे शनिवार को अनाज मंडी विश्राम गृह में पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक लेने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। जेपी दलाल ने कहा कि जिस क्षेमा कंपनी ने किसानों का बीमा किया था वह कंपनी दूसरे प्रदेशों में ब्लैकलिस्टेड हो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में भी इस कंपनी ने किसानों का जायज बीमा क्लेम रोक दिया।
उन्होंने कहा कि उनके कृषि मंत्री रहते हुए व्यवस्था सही तरीके से चल रही थी लेकिन जैसे ही विधानसभा चुनाव नजदीक आए तो इस क्लेम को किसी साजिश के तहत रोका गया। उन्होंने बताया कि फसल खराबा आंकने के लिए क्रॉप कटिंग की जगह सेटेलाइट आधारित नई शर्त लगाई गई जिससे मुआवजा देने में अड़चन आई। इस अवसर पर चेयरमैन रवि महमिया, मंडल कोषाध्यक्ष हनुमान शर्मा पाजू, पूर्व सरपंच गजानंद अग्रवाल, सज्जन बिधनाई और नवीन बागान बिधनोई मौजूद रहे।