भिवानी में आयोजित शिक्षक सम्मान समारोह में पीटीआई मोतीलाल को सम्मानित करते महंत वेदनाथ महाराज
भिवानी। वैश्य महाविद्यालय में नेताजी सुभाष चंद्र बोस युवा जागृत सेवा समिति और वैश्य महाविद्यालय की ओर से शिक्षक दिवस पर्व पर 111 शिक्षकों की सेवाओं को सम्मानित किया। इस अवसर पर जोगीवाला मंदिर के महंत वेदनाथ महाराज और बाबा जहर गिरि आश्रम के महंत डॉ. अशोक गिरि महाराज का सानिध्य रहा। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रो. दीप्ति धर्माणी कुलपति चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय भिवानी ने की।
उन्होंने कहा कि शिक्षक का स्थान उच्च दर्जे का स्थान होता है। जिस व्यक्ति के जीवन में शिक्षक ने घर कर लिया तो वह व्यक्ति अपने आप हर परिस्थिति में रास्ता ढूंढ लेता है। इसलिए गुरु के बिना ज्ञान नहीं है, गुरु हमें अंधकार से प्रकाश की ओर ले जाने का काम करता है। जीवन में शिक्षक का मार्गदर्शन बहुत जरूरी है, क्योंकि शिक्षक के पास हर समस्या समाधान है। महंत वेदनाथ महाराज ने कहा कि आज हमारी संस्कृति संस्कार और हमारी परंपराओं को जीवित रखने के लिए शिक्षक का अहम दायित्व बनता है। आज इसमें अहम भूमिका शिक्षक निभा सकते हैं।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पूर्व मुख्यमंत्री एवं स्वतंत्रता सेनानी रहे बनारसी दास गुप्त के पुत्र अजय गुप्ता रहे। कार्यक्रम में स्वागत अध्यक्ष सुरेंद्र लोहिया, महाविद्यालय प्राचार्य संजय गोयल, सदाचारी शिक्षा समिति अध्यक्ष सावित्री यादव रहे। कार्यक्रम संयोजक राष्ट्रीय युवा पुरस्कार विजेता अशोक भारद्वाज रहे। इस मौके पर शिवरतन गुप्ता, सुरेश गुप्ता, सुरेंद्र लोहिया, पवन बुवानीवाला, प्रवीण गर्ग, सचिन जैन, सावित्री यादव मौजूद रहे।