भिवानी। दिल्ली में 10 से 14 जनवरी तक आयोजित होने वाली 47वीं एचएफआई जूनियर लड़कों की नेशनल हैंडबाल चैंपियनशिप के लिए हरियाणा टीम का चयन 26 दिसंबर को किया जाएगा। हरियाणा हैंडबाल एडहॉक कमेटी के चेयरमैन और हैंडबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया के उपाध्यक्ष योगेश मेहता द्वारा जारी आधिकारिक सूचना के अनुसार चयन प्रक्रिया पूरी तरह योग्यता के आधार पर की जाएगी।
जानकारी देते हुए कोच विवेक खरकिया ने बताया कि चैंपियनशिप के लिए 26 दिसंबर को सुबह 9 बजे गांव सरल स्थित एमडी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में चयन ट्रायल का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस ट्रायल में केवल वही खिलाड़ी भाग ले सकेंगे जिनका जन्म 1 जनवरी 2006 से 31 दिसंबर 2009 के बीच हुआ हो। कोच ने बताया कि ट्रायल में शामिल होने वाले खिलाड़ियों को अपने साथ आधार कार्ड और जन्म प्रमाणपत्र की प्रति लाना अनिवार्य होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल वही खिलाड़ी ट्रायल में भाग ले सकेंगे जिनका पंजीकरण पहले से एचएफआई के सेंट्रल रजिस्ट्रेशन पोर्टल पर हो चुका है। बिना ऑनलाइन पंजीकरण के किसी भी खिलाड़ी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। चयनित हरियाणा टीम 10 से 14 जनवरी तक दिल्ली में आयोजित होने वाली 47वीं राष्ट्रीय हैंडबाल चैंपियनशिप में राज्य का प्रतिनिधित्व करेगी।