भिवानी। जिले के सभी महाविद्यालयों में आगामी तीन जुलाई को दूसरी मेरिट सूची जारी की जाएगी। मेरिट सूची में नाम आने वाले विद्यार्थियों को निर्धारित समय पर फीस जमा करवा कर दाखिला सुनिश्चित करना होगा। फीस जमा करने के बाद विद्यार्थियों को अपने दस्तावेजों की जांच के लिए कॉलेज में फिजिकल रूप से उपस्थित होना अनिवार्य है।
वहीं जिन सीटों पर अभी भी दाखिले नहीं हो पाए हैं, उनके लिए 9 जुलाई को ओपन काउंसिलिंग आयोजित की जाएगी और 10 जुलाई को एडमिशन पोर्टल दोबारा खोला जाएगा। नए शैक्षणिक सत्र के लिए महाविद्यालयों में दाखिले की काउंसिलिंग प्रक्रिया चल रही है। पहली मेरिट सूची के तहत 30 जून तक विद्यार्थियों ने फीस जमा करवाई। एमएनएस राजकीय महाविद्यालय में पहली सूची के अनुसार कला संकाय में 464, बीए सांय सत्र में 58, बीकॉम में 126, बीकॉम सांय सत्र में 8, बीएससी फिजिकल साइंस में 49, बीएससी केमिस्ट्री में 54, बीएससी लाइफ साइंस में 64, बीएससी मैथ में 11 और बीएससी फिजिक्स में 7 विद्यार्थियों ने फीस जमा करवाई है। अब इन विद्यार्थियों को दस्तावेज जांच के लिए कॉलेज आना जरूरी है।
दाखिला लेने वाले विद्यार्थियों के दस्तावेजों की होगी जांच
जिन विद्यार्थियों का नाम मेरिट सूची में आया है और जिन्होंने फीस जमा करवाई है, उन्हें अपने सभी प्रमाणपत्रों की कॉलेज में जांच करवानी होगी। इसके लिए विद्यार्थियों को अपने ऑनलाइन एडमिशन फॉर्म की हार्ड कॉपी, हालिया पासपोर्ट साइज फोटो लानी होगी। वहीं सभी मूल प्रमाणपत्र और उनकी फोटोकॉपी साथ लेकर कॉलेज में उपस्थित होना होगा।
3 जुलाई को दूसरी मेरिट सूची जारी की जाएगी। इसके बाद जो सीटें खाली रह जाएंगी, उनके लिए 10 जुलाई को दोबारा एडमिशन पोर्टल खोला जाएगा। पहली मेरिट में चयनित विद्यार्थियों को फीस जमा करने के बाद दस्तावेजों की जांच के लिए फिजिकल रूप से कॉलेज में पहुंचना अनिवार्य है।
- जगबीर मान, प्रेस प्रवक्ता, एमएनएस महाविद्याल