भिवानी। जिले के सभी महाविद्यालयों में दाखिला प्रक्रिया जारी है। वीरवार को महाविद्यालयों में दूसरी मेरिट लिस्ट लगेगी।
अब तक के हुए दाखिले में यह सामने आया है कि विद्यार्थियों का रुझान विज्ञान विषय में बहुत कम है। शहर के सभी महाविद्यालयों में विज्ञान विषय में विद्यार्थियों के कम दाखिले हुए हैं। वहीं कला संकाय में विद्यार्थियों का रुझान ज्यादा देखने को मिल रहा है। हर कॉलेज में कला संकाय की सीटें लगभग भर चुकी हैं। वही विज्ञान विषय में कुछ विद्यार्थी ही दाखिला करवा रहे हैं।
महाविद्यालयों में दाखिले के लिए पहली मेरिट लिस्ट में सूचीबद्ध विद्यार्थियों के दाखिले हो चुके हैं। वहीं कुछ विद्यार्थियों ने अभी तक फीस जमा नहीं करवाई है। इसलिए फीस भरने की अंतिम तारीख को बढ़ाकर 10 जुलाई कर दिया गया था। दूसरी मेरिट लिस्ट में सूचीबद्ध विद्यार्थियों की काउंसिलिंग और दाखिले 11 जुलाई यानी आज से शुरू हो जाएंगे। दूसरी मेरिट लिस्ट में चयनित विद्यार्थियों के दाखिले होने के बाद भी अगर सीट खाली रह जाती है तो फिजिकल काउंसिलिंग के जरिये खाली सीटों को भरा जाएगा।
विज्ञान विषय में विद्यार्थियों का कम रुझान
अब तक हुए दाखिलों में विज्ञान विषय में विद्यार्थियों का रुझान बहुत कम देखने को मिल रहा है। सभी कॉलेजों में अब तक विज्ञान विषय की 20 फीसदी सीटों पर ही दाखिले हुए हैं। वहीं विद्यार्थी कला संकाय में ज्यादा रुचि दिखा रहे हैं। इसी के साथ बीकॉम में भी कम ही विद्यार्थियों की दिलचस्पी दिख रही है।
विज्ञान विषय विद्यार्थियों के लिए बहुत जरूरी है। आगे चलकर अगर कोई विद्यार्थी प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करते हैं तो इस विषय से उन्हें काफी मदद मिल सकती है। इसलिए विद्यार्थियों को विज्ञान विषय में रुचि दिखानी चाहिए।
- डॉ श्रुति, विभागाध्यक्ष गणित विभाग, वैश्य महाविद्यालय, भिवानी।