एसडीएम लोहारू ने तहसील के विभिन्न गांवों का दौरा किया
संवाद न्यूज एजेंसी
ढिगावामडी। तहसील लोहारू के गांवों बिठन, बुढेडा, बडदु चैना, धीरजा, बडदु जोगी और मुगल में गिरदावरी कार्य चल रहा है। प्रशासन इस कार्य के लिए पूरी तरह सजग है। शुक्रवार को एसडीएम लोहारू मनोज दलाल ने तहसील के विभिन्न गांवों का दौरा किया।
एसडीएम ने मौके पर चल रहे गिरदावरी कार्य का जायजा लिया। उन्होंने खेतों में जाकर फसलों की स्थिति और गिरदावरी की प्रगति की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित पटवारियों से अब तक हुई गिरदावरी की प्रगति रिपोर्ट ली।
मौके पर मौजूद किसानों से भी बातचीत की गई। एसडीएम ने पटवारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गिरदावरी का कार्य पूरी पारदर्शिता और सटीकता के साथ किया जाए ताकि किसी भी किसान को परेशानी का सामना न करना पड़े।
कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
मनोज दलाल ने कहा कि गिरदावरी एक महत्वपूर्ण कार्य है। इसी के आधार पर किसानों को फसल खराबा, मुआवजा और अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ मिलता है। उन्होंने बताया कि इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी पटवारियों को गिरदावरी कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्हें निर्धारित समयावधि के भीतर शत-प्रतिशत कार्य पूरा करना सुनिश्चित करने को कहा गया। किसानों ने भी एसडीएम द्वारा किए गए निरीक्षण पर संतोष जताया।