ड्रग्स फ्री हरियाणा साइक्लोथॉन को लेकर अधिकारियों को दिशा निर्देश देते एसडीएम डॉ अशवीर सिंह नैन
तोशाम। एसडीएम डॉ. अशवीर सिंह नैन ने ड्रग्स फ्री हरियाणा के लिए पांच अप्रैल को तोशाम क्षेत्र में आने वाली साइक्लोथॉन यात्रा में अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने और यात्रा का स्वागत करने के लिए अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपाी। उन्होंने राजस्व, पंचायत, शिक्षा विभाग के अधिकारियों की ड्यूटी लगाई है।
वीरवार को एसडीएम ने अपने कार्यालय में अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि वे साइक्लोथॉन यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की कमी न रहने दें। सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में साइक्लोथॉन यात्रा को प्रभावशाली बनाने के लिए अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करें।
बता दें कि 5 अप्रैल शनिवार को सुबह मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ड्रग्स फ्री हरियाणा के संदेश को लेकर साइक्लोथॉन यात्रा को हिसार से रवाना करेंगे। इसमें साइकिल पर सवार जवान नागरिकों से ड्रग्स से दूर रहने का आह्नान करेंगे। यह यात्रा 5 अप्रैल को ही जिला भिवानी के गांव रतेरा में प्रवेश करके तोशाम, बीरण, बापोड़ा से सूई होते हुए भिवानी पहुंचेगी। भिवानी में ही यात्रा का रात्रि विश्राम होगा। उसके बाद छह अप्रैल को दादरी के लिए रवाना होगी।
डीसी महावीर कौशिक ने साइक्लोथॉन यात्रा को जिले में अधिक से अधिक प्रभावशाली बनाने को लेकर जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी, संबंधित क्षेत्र के खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी और संबंधित खंड शिक्षा अधिकारी के साथ-साथ जिला खेल अधिकारी को भी विशेष जिम्मेदारी सौंपी है। बैठक में तहसीलदार अशोक कुमार, बीडीपीओ विनोद सांगवान, नायब तहसीलदार संजय शर्मा, खंड शिक्षा अधिकारी विजय सांगवान, सरपंच राजेश तंवर, आईटीआई से रविंद्र श्योराण मौजूद रहे।