भिवानी। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की ओर से फरवरी-मार्च में आयोजित होने वाली सेकेंडरी व सीनियर सेकेंडरी परीक्षाओं के लिए नए परीक्षा केंद्र बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके तहत प्रदेश के राजकीय, अनुदान प्राप्त और अराजकीय स्थायी मान्यता प्राप्त विद्यालय 30 सितंबर तक निर्धारित शुल्क और आवश्यक दस्तावेजों सहित आवेदन कर सकते हैं।
बोर्ड अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार और उपाध्यक्ष सतीश कुमार ने बताया कि इच्छुक विद्यालय बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.bseh.org.in से आवेदन फार्म डाउनलोड करें। फार्म को सही ढंग से भरकर संबंधित जिला शिक्षा अधिकारी की सिफारिश के साथ 30 सितंबर तक बोर्ड कार्यालय में दस्ती या पंजीकृत डाक से भेजना अनिवार्य है।
आवेदन के साथ भवन की योजना संलग्न करनी होगी। परीक्षा केंद्र के लिए प्रस्तावित भवन के हिस्से को लाल पेंसिल से अंकित करना जरूरी है। साथ ही यह भी स्पष्ट करना होगा कि हॉल और कमरे आपस में जुड़े हुए हैं या नहीं, और प्रत्येक हॉल व कमरे का माप भी अंकित करना अनिवार्य है।
अधिकारियों ने बताया कि परीक्षा केंद्र के लिए विद्यालय भवन मुख्य सड़क के नजदीक होना चाहिए। इसके साथ ही विद्यालय परिसर में कम से कम 16 सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था जरूरी है, जिनमें 13 कैमरे कमरों में, एक कंट्रोल रूम, एक केंद्र अधीक्षक के कमरे में और दो कैमरे विद्यालय परिसर की निगरानी के लिए लगाए जाने आवश्यक हैं।