भिवानी। पंचकूला स्थित हरियाणा ओलंपिक भवन में आयोजित मुए थाई स्पोर्ट्स एसोसिएशन हरियाणा की वार्षिक बैठक एवं चुनाव में सत्य प्रकाश को अध्यक्ष चुना गया। चुनाव के साथ नई राज्य कार्यकारिणी का गठन किया गया। इस दौरान हरियाणा ओलंपिक संघ की ओर से मुए थाई स्पोर्ट्स एसोसिएशन हरियाणा को मान्यता प्रदान किए जाने की घोषणा करते हुए प्रमाणपत्र भी सौंपा गया।
यह जानकारी संघ के महासचिव सोमबीर वशिष्ठ ने दी। उन्होंने बताया कि नवनिर्वाचित राज्य कार्यकारिणी में सत्य प्रकाश को अध्यक्ष, शशी प्रताप सिंह, सुनील कुमार और गुरप्रीत कौर को उपाध्यक्ष, सोमबीर वशिष्ठ को महासचिव, नंदलाल शर्मा को कोषाध्यक्ष तथा राजकुमार और जयसिंह को सहसचिव चुना गया। इसके अलावा राकेश कुमार, राजवीर और सतेंद्र को कार्यकारिणी सदस्य बनाया गया। सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को संघ की गोपनीयता की शपथ भी दिलाई गई।
नवनियुक्त अध्यक्ष सत्य प्रकाश और महासचिव सोमबीर वशिष्ठ ने मुए थाई खेल को मान्यता प्रदान करने के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, अन्य मंत्रियों तथा हरियाणा ओलंपिक संघ के पदाधिकारियों का आभार जताया। महासचिव सोमबीर वशिष्ठ ने कहा कि हरियाणा ओलंपिक संघ से मान्यता मिलने के बाद खिलाड़ियों को हरियाणा स्टेट गेम्स और 39वें नेशनल गेम्स में भाग लेने का अवसर मिलेगा।
इन प्रतियोगिताओं के प्रमाणपत्रों की खेल ग्रेडेशन भी होगी जिससे खिलाड़ियों के लिए हरियाणा सरकार में नौकरी के अवसर बढ़ेंगे। उन्होंने बताया कि खेल के विस्तार के लिए जल्द ही विभिन्न खेल समितियों का गठन किया जाएगा। बैठक में मुकेश तंवर, दीपक भाकर, गौरव, संदीप बैनीवाल, मंजीत, कर्मवीर कौशिक और कंवर धीमान सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।