मुख्यमंत्री व राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन देते संयुक्त किसान मोर्चा के पदाधिकारी। किसान
भिवानी। जलभराव की समस्या और केंद्र सरकार की कथित जनविरोधी नीतियों के विरोध में संयुक्त किसान मोर्चा ने बुधवार को उपायुक्त कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया। इस दौरान उपायुक्त के माध्यम से राज्य के मुख्यमंत्री और राष्ट्रपति के नाम अलग-अलग ज्ञापन भेजे गए।
ज्ञापन समाज कल्याण अधिकारी देवेंद्र ने उपायुक्त की ओर से स्वीकार किए। प्रदर्शन की अध्यक्षता किसान सभा की तहसील प्रधान संतोष देशवाल और एआईकेकेएमएस से राजकुमार बासिया ने संयुक्त रूप से की।
किसान सभा के कामरेड ओम प्रकाश, युवा कल्याण संगठन के कमल सिंह प्रधान और ऑल इंडिया किसान मजदूर संगठन के धर्मबीर सिंह ने आरोप लगाया कि बवानीखेड़ा, तोशाम और भिवानी तहसील के दो दर्जन से अधिक गांव जलभराव से बुरी तरह प्रभावित हैं। समय रहते जिला प्रशासन ने ड्रेनों की क्षमता नहीं बढ़ाई और किनारे मजबूत नहीं करवाए, जिसके चलते खरीफ की फसल पूरी तरह बर्बाद हो गई और अब रबी की बुवाई भी संभव नहीं है।
किसानों ने राष्ट्रपति को भेजे ज्ञापन में मांग की कि बहुराष्ट्रीय और कॉर्पोरेट कंपनियों की लूट पर रोक लगाई जाए, अमेरिका से होने वाले व्यापार समझौते में उसकी शर्तें न मानी जाएं सहित अन्य मुद्दों पर कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन में मास्टर शेर सिंह, कामरेड अनिल कुमार, रामफल देशवाल, सज्जन कुमार सिंगला और रतन कुमार जिंदल भी मौजूद रहे।