बस स्टैंड परिसर में अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी करते रोडवेज कर्मचारी। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : Bhiwani
भिवानी। हरियाणा रोडवेज कर्मचारी तालमेल कमेटी सदस्यों ने कोरोना ड्यूटी के दौरान कर्मचारियों की मौत होने पर मुआवजा देने की मांग की है। इसके लिए उन्होंने महानिदेशक को ज्ञापन भी भेजा है।
महाप्रबंधक के माध्यम से महानिदेशक को भेजे ज्ञापन में कर्मचारी की मौत पर बीमा पॉलिसी के तहत उसके आश्रितों को 50 लाख रुपये मुआवजा देने व सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने की मांग की गई है। ज्ञापन बस स्टैंड इंचार्ज भीष्म सिंह व महा प्रबंधक स्टेनो सुभाष को सौंपा है।
वीरवार को बस स्टैंड पर रोडवेज कर्मचारियों ने तालमेल कमेटी के आह्वान पर प्रदर्शन किया। हरियाणा रोडवेज कर्मचारी तालमेल कमेटी के डिपो प्रधान सज्जन शर्मा, राजेश शर्मा राज्य कमेटी के नेता नरेंद्र दिनोद, पवन शर्मा, ईश्वर तालु, संजय सांगवान व बलजीत सिंह ने कहा कि महामारी में ड्यूटी कर रहे जींद डिपो के सतपाल सिंह परिचालक व सिरसा डिपो के चंद्रशेखर धम्मी मैकेनिक की कोरोना संक्रमित होने पर मृत्यु हो गई थी। कमेटी पहले भी पत्र लिख कर मामला मुख्यालय के संज्ञान में ला चुकी है। कर्मियों की मृत्यु होने पर इनके परिवार को 50-50 लाख रुपये मुआवजा तुरंत दिया जाए। ताकि इनके परिवारों का पालन पोषण हो सके। रोडवेज के सभी कर्मचारियों को भी स्वास्थ्य, नगरपालिका व पुलिस कर्मचारियों की भांति 50 लाख रुपये एक्सग्रेसिया बीमा पॉलिसी में शामिल किया जाए। कोरोना महामारी से बचाव के लिए सभी बसों को सैनिटाइज करवाने के अलावा ड्यूटी के दौरान सभी कर्मचारियों को पीपीई किट, मास्क, सैनिटाइजर, दस्ताने सहित सभी सुरक्षा उपकरण उपलब्ध करवाएं जाएं। ड्यूटी के दौरान बसों में दूर दराज क्षेत्रों से आने वाले यात्री सफर कर रहे है, इसलिए कोरोना वायरस से बचाव के लिए रोजाना ड्यूटी समाप्त होने पर सभी कर्मचारियों का कोरोना टेस्ट करवाया जाए। इस मौके पर राजेश गोयत, इंद्र सिंह, अनिल नागर, राजेंद्र बडेसरा, जय सिंह तालु, सुनील कुमार, राजेश धनाना,सोनू, अनिल फौजी आदि मौजूद थे।