भिवानी। परिवहन मंत्री के आश्वासन के बावजूद कर्मचारियों की मांगों पर बैठक नहीं बुलाए जाने के विरोध में हरियाणा रोडवेज कर्मचारी सांझा मोर्चा ने बुधवार को भिवानी डिपो में दो घंटे प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने महाप्रबंधक को परिवहन मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर मांगों के समाधान की मांग की।
प्रदर्शन की अध्यक्षता राजकुमार तालू ने की और संचालन सचिन कुंडू ने किया। मोर्चे के वरिष्ठ सदस्य मुकेश दुहन, अमित तालू, सुधीर अहलावत और जयपाल चौहान ने कहा कि 25 जुलाई को परिवहन मंत्री के आवास के घेराव के दौरान मंत्री कर्मचारियों के बीच पहुंचे थे और उनका ज्ञापन लिया था। उन्होंने 15 दिन के भीतर कर्मचारियों की मांगों पर बैठक बुलाने का आश्वासन दिया था। निर्धारित समय बीत जाने के बाद भी बैठक बुलाने संबंधी पत्र जारी नहीं किया गया। इससे कर्मचारियों में रोष है।
उन्होंने कहा कि परिवहन मंत्री की वादाखिलाफी के विरोध में बुधवार को हरियाणा रोडवेज के सभी डिपो में दो घंटे का विरोध प्रदर्शन किया गया। सरकार ने जल्द मांगों का समाधान नहीं किया तो आंदोलन तेज किया जाएगा। कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में परिचालकों का पे-ग्रेड बढ़ाना और लिपिकों की तर्ज पर तीन वेतन वृद्धि देना, जोखिम वाली ड्यूटी करने वाले कर्मचारियों को जोखिम भत्ता देना, चालकों का पे-ग्रेड बढ़ाना तथा स्टैंड इंचार्ज का पद सृजित कर पदोन्नति देना शामिल है।
इसके अलावा 2016 में भर्ती चालकों को पक्का करने, 2018 में भर्ती कर्मशाला कर्मचारियों को तकनीकी पदों पर पदोन्नति देने तथा एचकेआरएन के माध्यम से लगे परिचालकों सहित सभी कर्मचारियों को पक्का करने की मांग है। कर्मचारियों ने घाटे का सौदा साबित हो रही इलेक्ट्रिक बसों की ठेका व्यवस्था समाप्त करने, पहले की तरह अर्जित अवकाश का लाभ देने, कार्यालय सहायकों के पद बढ़ाने और लिपिकों की पदोन्नति करने की मांग भी रखी।