पिछले पांच दिन के दौरान तीन डेंगू पॉजिटिव मरीज सामने आ चुके है। जिससे भिवानी में भी डेंगू का खतरा बढ़ गया है। भिवानी में अब तक आठ डेंगू पॉजिटिव मरीज सामने आ चुके है। 51 ऐसे डेंगू पॉजिटिव मरीज सामने आए है, जिन्होंने टेस्ट और इलाज तो भिवानी में लिया मगर मच्छरों का शिकार किसी दूसरे जिले या राज्य में हुए। अब रोडवेज विभाग के एक अधिकारी को डेंगू की पुष्टि हुई है। जिन्हें उपचार के लिए सामान्य अस्पताल में दाखिल किया गया है। रोडवेज वर्कशॉप के नजदीक भी जलभराव होता है, ऐसे में अन्य कर्मचारियों को भी खतरा बना हुआ है।
बैंक कॉलोनी में रहने वाले रोडवेज विभाग के एक अधिकारी को डेंगू की पुष्टि हुई है। रोडवेज अधिकारी पिछले कुछ दिनों से बीमार था। मंगलवार को उनकी डेंगू रिपोर्ट आई जो पॉजिटिव रही। जिसके बाद मंगलवार को ही उन्हें पहले इमरजेंसी और फिर डेंगू वार्ड में भर्ती किया गया। पिछले पांच दिन के दौरान तीन डेंगू पॉजिटिव सामने आ चुके हैं। ऐसे में डेंगू के एडिज मच्छर का कहर एक बार फिर बढ़ने लगा है। स्वास्थ्य विभाग भी अलर्ट है। जहां के मरीज सामने आए, वहां विशेष सर्वे करवाया गया। मच्छर के लारवा की जांच की गई वहीं फॉगिंग भी करवाई गई। आसपास के क्षेत्रों में रहने वालों की भी जांच की गई।
बैंक कॉलोनी, डीसी कॉलोनी, भारत नगर में हुई फॉगिंग, फिर भी आ रहे मरीज : बैंक कॉलोनी में पिछले सप्ताह ही फॉगिंग करवाई गई थी। इससे पहले भी यहां फॉगिंग हो चुकी है और स्वास्थ्य विभाग का विशेष सर्वे भी हो चुका है। भारत नगर, डीसी कॉलोनी में भी फॉगिंग और सर्वे हो चुका है। बावजूद इसके इन क्षेत्रों में ही मरीज सामने आए हैं।
अब तक इन कॉलोनियों से आए पॉजिटिव मरीज : अब तक सामने आए डेंगू पॉजिटिव मरीज बैंक कॉलोनी, डीसी कॉलोनी से दो, हनुमान ढाणी, हालु बाजार, भारत नगर और मंढाणा गांव से सामने आए हैं।
डेंगू के लक्षण:
- अचानक तेज बुखार होना
- सिर के अगले भाग, आंखों के पिछले भाग, मांसपेशियों व जोड़ों में दर्द होना
- खसरा जैसे दाने छाती व हाथ के ऊपरी भाग तक निकल आना
- भूख कम लगना और बार-बार उल्टी करने का मन करना
ये रखे सावधानी :
- डेंगू बुखार में स्वयं दवा खाने से बचें
- डेंगू व मलेरिया नाशक दवाई के छिड़काव के बाद दो महीने तक सफेदी न करें
- तेज बुखार, उल्टी, सिरदर्द, बेहोशी होने पर अच्छे चिकित्सक को दिखाए।
- कूलर व घर के आसपास पानी जमा न होने दें
- जमा पानी में मिट्टी का तेल या काला तेल डालें
कब कितने आए मरीज
वर्ष मलेरिया डेंगू
2016 211 17
2017 65 85
2018 70 50
2019 09 59
नोट : इस सीजन में आए डेंगू के 59 में से 51 मरीज दूसरे जिलों या दूसरे राज्यों में डेंगू का शिकार हुए और यहां आकर इलाज लिया। मलेरिया के नौ मरीजों में छह मरीज दूसरे जिलों या राज्यों से संबंधित है।
डेंगू के भिवानी में अब तक आठ मरीज सामने आए हैं और सभी की हालत ठीक है। स्थिति नियंत्रण में है। बाकी पॉजिटिव मरीज विभिन्न दूसरे जिलों और राज्यों के है, जो वहां चपेट में आए और अब यहां आकर इलाज लिया है। इस बारे में संबंधित जिलों के स्वास्थ्य विभाग अधिकारियों को सूचित कर दिया गया है। शहर और गांवों में फीवर मास सर्वे व एंटी लारवा एक्टिविटी करवाई गई है।
- डॉ. संध्या गुप्ता, डिप्टी सिविल सर्जन