भिवानी। कोरोना संक्रमण की वजह से पिछले एक माह से बंद पड़ी हरिद्वार और देहरादून की बसें भी बुधवार से शुरू की जाएंगी। इन दोनों ही रूटों पर बस सेवा बहाल होगी। बुधवार सुबह आठ बजे देहरादून और सुबह नौ बजे हरिद्वार के लिए भिवानी बस स्टैंड से बसें रवाना होंगी।
बता दें कि दिल्ली, चंडीगढ़, सीकर के लिए बस सेवाएं बहाल करने के बाद रोडवेज अब हरिद्वार और देहरादून के लिए भी बसें चलाने की तैयारी कर चुका है। बुधवार से इन रूटों पर भी नियमित रूप से रोडवेज बसें चलाई जाएंगी।
बस स्टैंड पर भी फिर लौटने लगी यात्रियों की रौनक
पिछले एक माह तक वीरानी छाने के बाद एक बार फिर बस स्टैंड पर भी यात्रियों की चहल पहल दिखाई देने लगी है। बस स्टैंड पर लोकल व लंबी दूरी के रूटों पर रोडवेज बसें चलने लगी हैं। रोडवेज विभाग के पास करीब 147 बसें हैं। लॉकडाउन से पहले रोडवेज विभाग रोजाना ही करीब 120 बसों का संचालन कर रहा था। मगर अचानक दिल्ली, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में कोरोना संक्रमण की वजह से बस सेवाएं बंद हो गई थी। जिससे रोडवेज विभाग को भी काफी नुकसान झेलना पड़ा है।
गंगानगर व मथुरा के लिए भी चलेंगी 18 जून से ट्रेनें
कोरोना संक्रमण की वजह से बंद पड़ी रेल सेवाओं को भी आंशिक रूप से बहाल किया है। गंगानगर से आकर रेवाड़ी जाने वाली ट्रेन भिवानी जंक्शन से सुबह साढ़े 9 बजे चलेगी। रेवाड़ी से चलकर गंगानगर जाने वाली ट्रेन भिवानी जंक्शन से दोपहर बाद 2:40 बजे जाएगी। भिवानी से मथुरा के लिए सुबह 5:55 पर ट्रेन चलेगी। ये गाड़ी मथुरा से भिवानी रात 9 बजे वापस आएगी। दैनिक रेल यात्री जनकल्याण संघ के अध्यक्ष महावीर डालमिया ने बताया कि इन ट्रेनों में यात्रियों से किराया एक्सप्रेस गाड़ी का वसूला जाएगा, लेकिन ये ट्रेनें पैसेंजर गाड़ियों की तरह ही सभी स्टेशनों पर ठहरेंगी। इन ट्रेनों का संचालन 18 जून से किया जाएगा।
वर्जन:::
हरिद्वार और देहरादून के लिए बुधवार सुबह बसों का संचालन किया जाएगा। दिल्ली, चंडीगढ़, सीकर के लिए बसें हाल ही में शुरू की गई हैं। रोडवेज महाप्रबंधक गुलाब सिंह दूहन के निर्देश पर रूटों पर बस सेवाएं नियमित की जा रही हैं।
- इन्द्र सिंह वर्मा, सहायक बस स्टैंड प्रबंधक भिवानी।