ओवरटेक करने के चक्कर में रोडवेज बस चालक ने सहायक जिला न्यायवादी की गाड़ी को टक्कर मार दी। इतना ही नहीं जब बस स्टैंड पर पहुंची बस चालक से इसका कारण पूछा तो सहायक जिला न्यायवादी व उसके पिता के साथ झगड़ा हुआ। हाथापाई और गाली-गलौज हुई तो हंगामा हुआ। मामले की शिकायत सहायक जिला न्यायवादी ने पुलिस को दी। जिस पर रोडवेज चालक पर केस दर्ज हुआ।
सिटी पुलिस को दी शिकायत में सहायक जिला न्यायवादी लता ने बताया कि मंगलवार शाम करीबन सवा छह बजे दादरी गेट से रोहतक की तरफ गाड़ी से जा रही थी कि इसी दौरान रोडवेज बस ने उसकी गाड़ी को ओवरटेक करने का प्रयास किया। जिससे रोडवेज की बस ने उसकी गाड़ी को साइड से टक्कर मार दी। जिसके बाद उसकी गाड़ी डिवाइडर पर चढ़ते-चढ़ते बची। इसके बाद उसने रोडवेज की बस का पीछा किया तो चालक बस को नया बस स्टैंड की तरफ दौड़ाकर ले गया। इसके बाद उसे पिता, भाभी और बच्चे बस स्टैंड पर पहुंचे तो वहां पर रोडवेज बस का चालक मौजूद था। जब उसके पिता ने रोडवेज चालक से एक्सीडेंट के बारे में पूछा तो चालक गाली गलौज पर उतर आया। आरोपी ने सहायक जिला न्यायवादी व उसके पिता के साथ अभद्रता की और इसमें परिचालक ने भी उसका साथ दिया। शिकायत पर पुलिस ने आरोपी रोडवेज बस चालक पर केस दर्ज किया है।