16 फोटो बिचला बाजार में लगा जाम में फंसें वाहन।
- फोटो : Bhiwani
शहर के बाजार अतिक्रमण का शिकार हो चुके हैं, यही वजह है कि भीड़भाड़ भरे बाजारों में रोजाना पांच से छह घंटे तक वाहनों का लंबा जाम लग रहा है। इतना ही नहीं नगर परिषद के अतिक्रमण हटाओ अभियान का भी अतिक्रमणकारी दुकानदारों के जहन पर कोई असर नहीं हुआ है। सराय चौपटा से नया बाजार और नया बाजार से रोहतक गेट की तरफ जाने वाले मार्ग पर ट्रैक्टर ट्रॉली की वजह से जाम लग रहा है। रोजाना ही यहां दिनभर में हर घंटे जाम की स्थिति बनती है।
नया बाजार की सड़क की फुटपाथ पर दोनों तरफ दुकानों के बाहर अतिक्रमण किया हुआ है। इसके अलावा वाहन पार्किंग की भी कोई व्यवस्था नहीं है। संकरे मार्ग पर भी रोजाना भारी वाहन ढुलाई और ट्रैक्टर ट्रॉली की वजह से वाहन जाम में फंस रहे हैं। नया बाजार में नो एंट्री जोन नहीं है, जबकि घंटाघर से सराय चौपटा क्षेत्र को नो एंट्री जोन में शामिल किया हुआ है। ऐसे में दिनभर भारी वाहन व ट्रैक्टर ट्रॉली भीड़भाड़ भरे बाजारों में जाम की वजह बन रहे हैं। नगर परिषद द्वारा भी फुटपाथ खाली कराने की मुहिम चला रही हैं, लेकिन त्योहारी सीजन में इसका भी दुकानदारों पर कोई असर नहीं है। यही हाल घंटाघर से सराय चौपटा और सराय चौपटा से किरोड़ीमल पार्क और बिचला बाजार का है। जहां पहले से ही सिकुड़ चुकी सड़क पूरी तरह से अतिक्रमण का शिकार हो चुकी है। त्योहारी सीजन में तो दुकानदार अपनी हद से कई गुणा आगे तक बढ़कर अपने सामान की स्टाल सजा रहे हैं, ऐसे में यहां किसी वाहन को गुजरा तो दूर पैदल चलना भी दूभर है। दीपावली और धनतेरस से पहले ही बाजार में भीड़ लगातार बढ़ रही है। पहले से मंदी की मार झेल रहे दुकानदार भी इन पांच से छह दिनों में अपना पिछले नुकसान की भरपाई के प्रयासों में जुटे हैं, यही वजह है कि दुकानदार ग्राहक को रिझाने के लिए अपनी दुकान के आगे ज्यादा से ज्यादा सामान लगाने की होड़ में सबसे आगे हैं। ट्रैफिक पुलिस का पूरा ध्यान फिलहाल शहर के चौक चौराहों पर यातायात को नियंत्रित करने में लगा है। जबकि त्योहारी सीजन में अब पुलिस प्रशासन को बाजार में भीड़ को नियंत्रित करने के लिए भी पुलिस का अतिरिक्त प्रबंध करना पड़ेगा।