हांसी गेट पर जाम में फंसे वाहन। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : Bhiwani
भिवानी। त्योहारी सीजन में बाजारों में उमड़ी भीड़ और अनलॉक की स्थिति के बाद सड़कों पर उतरे वाहनों की वजह से सरकुलर रोड पर भी ट्रैफिक का दबाव बढ़ गया है। यही वजह है कि बुधवार को दिनभर में करीब चार घंटे तक जाम की स्थिति बनी। वाहन भी रेंगते हुए आगे बढ़े। ट्रैफिक पुलिस कर्मचारियों को भी वाहनों का जाम हटाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
त्योहारी सीजन में भीड़ भरे बाजारों मेें वाहनों के प्रवेश पर नो एंट्री की हुई है। बाजारों में पुलिस ने नाके भी लगाए हैं, यही वजह है कि ट्रैफिक का सबसे अधिक दबाव अब सरकुलर मार्ग पर है। अग्रसेन चौक से महम गेट और महम गेट से पुराना बस स्टैंड, हांसी गेट से घंटाघर तक वाहनों की लंबी कतारें लगी और दिन में कई बार जाम की स्थिति बनी। ट्रैफिक एसएचओ हरिओम ने बताया कि यातायात पुलिस द्वारा त्योहारी सीजन में बाजारों के साथ मुख्य मार्गों पर वाहनों के आवागमन को संयमित और नियंत्रित करने के लिए कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई हुई है। सभी ट्रैफिक कर्मचारी यातायात को नियंत्रित करने में लगे हैं। उन्होंने शहरवासियों से आह्वान किया कि वे बाजार में वाहन लेकर न आएं, क्योंकि बाजारों में वाहन पार्किंग की व्यवस्था नहीं है।