सिटी स्टेशन रोड पर चल रहे सड़क निर्माण कार्य को रूकवाते हुए क्षेत्रवासी।
- फोटो : Bhiwani
सेक्टर 13 से लेकर सिटी रेलवे स्टेशन तक बनने वाली सड़क को लेकर राजीव नगर कॉलोनी वासियों ने घटिया निर्माण सामग्री व अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए निर्माण कार्य के जांच की मांग की। स्थानीय लोगों ने सड़क निर्माण कार्य भी बीच में ही रुकवा दिया।
कॉलोनी वासियों ने आरोप लगाया कि करीब दस माह से पेंडिंग पड़ी इस सड़क को बनाने का कार्य हाल ही में शुरू हुआ। मगर इस सड़क को बनाने में ठेकेदार खानापूर्ति कर रहा है। कॉलोनीवासी सूबेदार राज सिंह व पार्षद पति सुरेंद्र पुनिया ने आरोप लगाया कि सेक्टर 13 से सिटी स्टेशन तक बनने वाली सड़क की चौड़ाई 10 मीटर रखी गई है। परन्तु यह चौड़ाई निर्धारित मापदंडों के अनुसार पूरी नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि सड़क बनाने से पहले जो बैड तैयार किया जाता है, वह तैयार करने की बजाए सीधे ही रोड़ियां डालकर ऊपर तारकोल बिछाकर सीधे ही सड़क बनाने की खानापूर्ति की जा रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सड़क बनाने के दौरान निर्धारित गेज व मटीरियरल की क्वालिटी भी बेहतर नहीं है। इसीलिए उनकी मांग है कि इस सड़क को उखाड़कर दोबारा सड़क बनाई जाए, ताकि 10 माह के इंतजार के बाद बनने वाली यह सड़क नागरिकों की सुविधा के अनुसार बेहतर बन सकें। कॉलोनी वासियों के विरोध के बाद मौके पर पहुंचे पीडब्ल्यूडी बीएंडआर विभाग के एसडीओ शशांक मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों से बातचीत की और सड़क निर्माण नियमों के तहत कराए जाने की हिदायतें दी। सड़क विभाग के एसडीओ ने माना कि सड़क की चौड़ाई 10 मीटर बनाई जानी है। जो कमी रही है, वह ठेकेदार के माध्यम से पूरी करवाई जाएगी। हालांकि कॉलोनीवासियों ने सड़क निर्माण कार्य में घालमेल होने की बात कहते हुए जांच की बात कही है।