भिवानी। जिले में तीन अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोगों के घायल हो गए, जिन्हें जिला सामान्य अस्पताल के आपातकालीन विभाग लाया गया, जहां दो युवकों की हालत गंभीर होने पर उन्हें रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है।
गांव देवसर निवासी विकास ने बताया कि उसका दोस्त गांव देवसर निवासी 20 वर्षीय संदीप खेतीबाड़ी करता है। शनिवार रात करीब 12 बजे गांव पर अपने दोस्तों के साथ बाइक पर गांव धिराणा से अपने घर जा रहा था। जब वो देवसर के नजदीक पहुंचा तो अचानक ही तेज रफ्तार कार ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। जिसके कारण वो बाइक से गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को जिला सामान्य अस्पताल के आपातकालीन विभाग में दाखिल कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया।
तालु निवासी अंकित हुआ घायल
वहीं देवसर मोड़ के नजदीक हुए सड़क हादसे में गांव तालु निवासी अंकित घायल हो गया, जिसे जिला सामान्य अस्पताल के आपातकालीन विभाग के लाया गया। मगर प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत में सुधार न होने पर चिकित्सक ने उसे रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। मामले की सूचना जुई पुलिस थाना को दी गई है।
बाइक चालक ने फैक्टरी मजदूर को मारी टक्कर
एक अन्य हादसा औद्योगिक पुलिस क्षेत्र का है। उत्तर प्रदेश के जिला एटा निवासी प्रेमपाल ने बताया कि उसका भाई 30 वर्षीय सागर औद्योगिक क्षेत्र में एक फैक्टरी में मजदूरी करता है। शनिवार दोपहर करीब तीन बजे वह फैक्टरी से अपने घर की ओर जा रहा था। अचानक ही पीछे से तेज रफ्तार बाइक चालक ने उसको टक्कर मार दी। हादसे में उसके पांव में फ्रेक्चर आया है, जो जिला सामान्य अस्पताल में उपचाराधीन है। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने मामले की सूचना औद्योगिक पुलिस थाना को दी। पुलिस जांच में जुटी है।