भिवानी। उपायुक्त महावीर कौशिक ने बताया कि जिला भिवानी में लोहारू, सिवानी और बवानीखेड़ा नगर पालिकाओं के चुनाव प्रस्तावित है। इसके लिए चुनाव आयोग की ओर से मतदाता सूचियों के लिए शेड्यूल जारी किया गया है।
नगर पालिका की वार्ड वाइज मतदाता सूची तैयार करने के लिए डीसी ने नगर पालिका बवानीखेड़ा, सिवानी, लोहारू की मतदाता सूचियों को तैयार करने के लिए सहायक रिवाइजिंग अथॉरिटी नियुक्त किए हैं। डीसी कौशिक ने अपने आदेशों में कहा कि मतदाता सूचियों को तैयार करने व उनसे संबंधित दावे व आपत्तियों के निपटान के लिए उपमंडल अधिकारी भिवानी, सिवानी, लोहारू को क्रमश: बवानीखेड़ा, सिवानी, लोहारू के लिए रिवाइजिंग अथॉरिटी व संबंधित तहसीलदार-नायब तहसीलदार को सहायक रिवाइजिंग अथॉरिटी नियुक्त किया है।
मतदाता सूची प्रकाशन के लिए जारी किया शेड्यूल
डीसी ने बताया कि राज्य चुनाव आयोग हरियाणा की ओर से जिले की लोहारू, बवानीखेड़ा और सिवानी नगर पालिकाओं के चुनाव के लिए मतदाता सूचियां तैयार करने के लिए शेड्यूल जारी किया है। उन्होंने बताया कि 10 से 16 दिसंबर तक नगर पालिकाओं की मतदाता सूचियों का विधानसभा की मतदाता सूची के अनुसार वार्ड वाइज प्रारूप तैयार किया जाएगा और वार्ड वाइज मतदाता सूची का दावे और आपत्तियां पुनरीक्षण प्राधिकारी के समक्ष प्रस्तुत करने के लिए 17 दिसंबर निर्धारित किया है। 23 दिसंबर तक दावे और आपत्तियां प्राप्त की जा सकेंगी। 27 दिसंबर तक पुनरीक्षण प्राधिकारी की ओर से निपटान किया जाएगा। इसके बाद 31 दिसंबर तक उपायुक्त के समक्ष अपील दायर कर सकते हैं। इसके पश्चात पुनरीक्षण प्राधिकारी के आदेश के विरुद्ध तीन जनवरी 2025 तक इसका निपटान किया जाएगा और 6 जनवरी 2025 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।