विद्या नगर स्थित रिटायर्ड दरोगा के घर हुई चोरी की वारदात के बाद पहुंची डॉग स्क्वायड टीम जांच करते
- फोटो : Bhiwani
भिवानी। विद्या नगर कॉलोनी के शिवाजी मार्ग स्थित एक रिटायर्ड पुलिस दरोगा के निर्माणाधीन मकान से मंगलवार रात को चोर करीब दो लाख के सामान पर हाथ साफ कर गए। चोरी की इस वारदात का बुधवार सुबह पता चला। मामले की शिकायत औद्योगिक पुलिस थाना में दी गई। जिसके बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और चोरों का सुराग लगाने के लिए डॉग स्क्वॉयड टीम भी बुलाई गई।
विद्यानगर कॉलोनी के शिवाजी मार्ग निवासी नत्थुराम यादव ने बताया कि वर्ष 2012 में पुलिस विभाग से दरोगा रिटायर्ड होने के बाद से उसने अपनी जमा पूंजी से पुराने मकान को तोड़कर नया मकान का निर्माण कराया था। उसके मकान के अंदर प्लंबर फिटिंग, बिजली फिटिंग के साथ बाथरूम और किचन का सामान रखा हुआ था। नत्थुराम ने बताया कि वह पुराने मकान में चला गया था और रात को निर्माणाधीन मकान पर अंदर से ताला बंद किया हुआ था। चोर दीवार फांदकर अंदर घुसे और फिर गेट के अंदर लगा ताला भी तोड़कर अपने साथ ले गए। चोर निर्माणाधीन मकान से करीब दो लाख रुपये का सामान और मशीनरी चोरी कर ले गए। उसने बताया कि दो तीन दिन पहले बवानीखेड़ा से तीन युवक यहां काम देखने के लिए आए थे, जबकि एक प्लंबर भी यहां काम पर लगा हुआ था। मकान के अंदर सामान मौजूद होने की जानकारी उन्हें थी। चोरी में उनका भी हाथ हो सकता है। रिटायर्ड दरोगा द्वारा शक जताए गए युवकों से भी पुलिस पूछताछ में जुटी है।
जांच अधिकारी नरेंद्र कुमार ने बताया कि रिटायर्ड दरोगा की शिकायत पर पुलिस ने इस संबंध में सामान चोरी का केस दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। वहीं शक जताए गए युवकों से भी पूछताछ कर रही है।