भिवानी। हवा में प्रदूषण का स्तर थोड़ा सुधरने के बाद वीरवार शाम को ग्रैप तीन और चार की पाबंदी हटा दी गई है। इसके बाद भिवानी जिले में क्रॅशर जोन में उत्पादन फिर से शुरू होगा। वहीं रुकी हुई विकास परियोजनाओं पर भी फिर से काम शुरू होने की उम्मीद बढ़ी है।
वीरवार को जिले में एक्यूआई भी 111 दर्ज किया गया। दरअसल ग्रैप तीन और चार के आदेशों के चलते जिले भर में खनन कार्य बंद पड़ा था। इसकी वजह से क्रशर जोन भी बंद हो चुका था। इसकी वजह से भवन निर्माण सामग्री का संकट भी पैदा हो गया। वहीं जिले भर में चल रही सड़क, ओवरब्रिज और भवन विकास परियोजनाओं पर काम बंद हो गया था। लेकिन ग्रैप की पाबंदी हटने पर इन कार्यों में फिर से तेजी आएगी।
भिवानी जिले में तीन रेलवे ओवरब्रिजों का निर्माण काम चल रहा है। जिसमें शहर का लोहारू रोड रेलवे ओवरब्रिज, दिनोद रोड रेलवे ओवरब्रिज और मुंढाल में नेशनल हाईवे का रेलवे ओवरब्रिज बन रहा है। जिले भर में पीडब्ल्यूडी विभाग के अलावा पंचायती राज विभाग की भवन निर्माण परियोजनाओं का काम भी चल रहा है।
इसी तरह नगर परिषद और अन्य सरकारी विभागों की सड़क परियोजनाओं का काम भी ग्रैप तीन और चार की बंदिशों की वजह से ठप हो गया था। अब ग्रैप के तीन और चार हटाए जाने के बाद विकास परियोजनाओं के काम में तेजी आने की उम्मीद है।
-
भवन निर्माण सामग्री के रेट भी घटेंगे
तोशाम क्षेत्र के खानक जोन में खनन कार्य ग्रैप तीन और चार लागू होने से करीब एक पखवाड़े से बंद पड़ा था। इसकी वजह से भवन निर्माण सामग्री का भी संकट पैदा हो गया था। क्रशर मालिकों के पास रोड़ी और क्रशर का स्टॉक खाली हो गया था। जबकि मार्केट में रेट में भी उछाल आ गया था। लेकिन अब क्रशर जोन फिर से चालू होने के बाद भवन निर्माण सामग्री के दाम भी घट जाएंगे। वहीं क्रशर मालिक अनिल जैन का कहना है कि अब भवन निर्माण सामग्री भी उपलब्ध हो जाएगी। जिससे दामों में भी कमी आएगी।