सेक्टर 13 के सामुदायिक केंद्र में बैठक करते स्थानीय निवासी।
भिवानी। बिजली कटों और पानी की किल्लत से परेशान हुडा सेक्टर-13 के निवासियों ने रविवार को सेक्टर-13 स्थित पावर हाउस का घेराव कर प्रशासन के खिलाफ रोष जताया। सेक्टरवासियों ने चेतावनी दी कि यदि समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो वे बिजली और पानी के बिलों का पूर्ण रूप से बहिष्कार करेंगे।
इससे पहले सेक्टर-13 स्थित सामुदायिक भवन में आपात बैठक आयोजित की गई जिसकी अध्यक्षता नगर परिषद के पूर्व चेयरमैन विजय पचगांवा ने की। बैठक के बाद सेक्टरवासियों ने पावर हाउस पहुंचकर प्रशासनिक अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया।
पूर्व चेयरमैन विजय पचगांवा ने कहा कि हुडा सेक्टर-13 के हालात गांवों से भी बदतर हो चुके हैं। सेक्टर के निवासी समय पर अपने बिजली और पानी के बिलों का भुगतान करते हैं इसके बावजूद उन्हें नरकीय जीवन जीने को मजबूर होना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि 24 घंटे में 48-48 बार बिजली के कट लग रहे हैं। भीषण गर्मी में बिजली नहीं होने के कारण पानी की आपूर्ति भी पूरी तरह ठप हो गई है।
उन्होंने कहा कि यदि बिजली और पानी की समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो सेक्टरवासी बिजली और पानी के बिलों का पूर्ण रूप से बहिष्कार करेंगे। इस अवसर पर चिरंजीलाल सांवरिया, राजकुमार, बलबीर कुमार, नरेश बंसल, नरेंद्र शर्मा, पंकज गोयल, कृष्ण सिंह नंबरदार, भूपेंद्र सिंह, एनके ढांडा और नरेश मौजूद रहे।