भिवानी। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार ने जानकारी दी है कि सेकेंडरी और सीनियर सेकेंडरी (शैक्षिक) परीक्षा के लिए कंपार्टमेंट श्रेणी में आवेदन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि वे परीक्षार्थी, जिन्होंने परीक्षा परिणाम नॉट क्वालिफाई या एसेंशियल रिपीट के आधार पर पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन किया था, लेकिन अब उनका परिणाम कंपार्टमेंट घोषित हो गया है, वे अब दोबारा परीक्षा में बैठने के लिए आवेदन कर सकते हैं।
ऐसे परीक्षार्थी 28 से 30 जून तक बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.bseh.org.in पर जाकर संबंधित लिंक के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। परीक्षा शुल्क 950 रुपये निर्धारित किया गया है। बोर्ड अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अंतिम तिथि के बाद कोई आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।