जयपुर-हिसार मुख्य रेलमार्ग पर गांव झाड़ली रेलवे स्टेशन के समीप रोड़ियों से भरा डंपर गड्ढ़े में गिरने के बाद रेलवे लाइन पर पलट गया।
इससे करीब ढाई घंटे तक रेल यातायात बाधित रहा। घटना के चलते तीन ट्रेनें अपने निर्धारित समय से करीब डेढ़ से दो घंटे देरी से रवाना हुईं। मामले की सूचना मिलते ही जीआरपीएफ जवान व स्टेशन अधिकारी मौके पर पहुंचे।
भिवानी-जयपुर रेलवे मार्ग पर नई लाइन बिछाने का काम चल रहा है। इस कार्य के लिए रोड़िया लेकर शुक्रवार शाम एक डंपर चालक झाड़ली स्टेशन पहुंचा था।
डंपर से रोड़िया उतारते समय अचानक शाम करीब छह बजे ट्रक असंतुलित होकर रेलवे लाइन पर पलट गया। मामले की सूचना मिलते स्टेशन अधिकारियों में हड़कंप मच गया।
जीआरपीएफ टीम तत्काल मौके पर पहुंची। ट्रेनों का समय होने के कारण अधिकारियों ने इसकी सूचना दूसरे स्टेशनों पर भी दी। मौके पर क्रेन लाकर करीब ढाई घंटे बाद रेलमार्ग से डंपर को हटाया गया।
इस दौरान ट्रेन संख्या 54783 फाजिल्का-रेवाड़ी दादरी स्टेशन पर, 54836 रेवाड़ी-हिसार ट्रेन झाड़ली स्टेशन पर और 54791 मथुरा-भिवानी ट्रेन करीब डेढ़ घंटे तक कोसली रेलवे स्टेशन पर खड़ी रही। हादसे से यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ी।
घटना का पता चलते ही दूसरे स्टेशनों पर इसकी जानकारी दे दी गई थी। मार्ग को दुरुस्त करवाने के लिए रेलवे टीम को भी मौके पर भेजा गया। तीन ट्रेनें इसके चलते प्रभावित हुई हैं। करीब ढाई घंटे बाद ट्रक को क्रेन की सहायता से हटाकर मार्ग दुरुस्त करवाया गया।
महेंद्र सिंह, स्टेशन मास्टर