बवानीखेड़ा नगर पालिका में भाजपा समर्थित उप प्रधान रीनू की जीत पर खुशी जाहिर करते विधायक कपूर सि
बवानीखेड़ा। नगर पालिका उप-प्रधान पद के लिए सोमवार को भिवानी उपमंडल अधिकारी कार्यालय में हुए चुनाव में वार्ड नंबर चार की पार्षद रीनू ने मात्र एक वोट से जीत दर्ज करते हुए उपप्रधान के पद पर कब्जा किया। दिलचस्प बात यह रही कि चुनाव में उपप्रधान पद के लिए उतरी दोनों उम्मीदवार भाजपा समर्थित थीं।
चुनाव के समय 16 पार्षद और चेयरमैन की मौजूदगी में मतदान हुआ। इसमें भाजपा समर्थित उम्मीदवार रीनू को नौ वोट मिले जबकि भाजपा समर्थित ही अन्य उम्मीदवार बसंती को आठ वोट मिले। चुनाव को निष्पक्ष और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए ईवीएम का उपयोग किया गया। पूरी प्रक्रिया की निगरानी उपमंडल अधिकारी महेश कुमार ने की।
परिणाम घोषित होते ही बीजेपी विधायक कपूर सिंह वाल्मीकि अपने कार्यकर्ताओं के साथ फूल-मालाओं और लड्डुओं के साथ जश्न मनाते नजर आए। समर्थकों ने ‘भाजपा जिंदाबाद’ के नारे लगाए। रीनू की जीत को बीजेपी समर्थकों ने जनता का विश्वास और पार्टी की मजबूती बताया।