भिवानी। अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत उत्तर-पश्चिम रेलवे बीकानेर मंडल के भिवानी स्टेशन के पुनर्विकास का कार्य तीव्र गति से चल रहा है। प्रथम चरण का कार्य पूरा कर लिया है।
स्टेशन भवन के समरूप में बड़े स्तर पर सुधार कार्य, स्टेशन की ओर आने-जाने वाले मार्ग में प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग प्रावधान का कार्य, चहारदीवारी, सर्कुलेटिंग एरिया में सुंदरीकरण, दोपहिया, चोपहिया वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग सुविधा, बुकिंग ऑफिस रिटायरिंग रूम में सुधार, नए टॉयलेट ब्लॉक्स का कार्य अंतिम चरण में है।
उसमें से भी लगभग 94 प्रतिशत से अधिक कार्य हो चुका है। लगभग 16.68 करोड़ की लागत से होने वाले पुनर्विकास कार्यों में उपरोक्त कार्यों के अलावा सौंदर्य वर्धन के लिए एलईडी लाइटिंग तथा दीवारों पर आर्टवर्क भी किया जाएगा। सभी सुविधाओं की दिव्यांगजनों तक पहुंच बनाने के लिए उपयुक्त दिशा सूचक भी लगाया जाएगा।
स्टेशन की प्रकाश व्यवस्था में सुधार से संबंधित कार्य तथा हरित ऊर्जा उत्पादन के लिए सोलर प्लांट भी लगाया जाएगा। इसके अलावा यात्री सूचना प्रणाली में सुधार के लिए कोच गाइडेंस डिस्प्ले बोर्ड, मल्टीलाइन डिस्पले बोर्ड्स, सिंगल लाइन डिस्प्ले बोर्ड, पब्लिक एड्रेस सिस्टम, बड़े एलईडी स्क्रीन तथा जीपीएस आधारित डिजिटल क्लॉक भी लगाया जाएगा। स्टेशन पर 12 मीटर चौड़ा पैदल पुल भी बनाया जाएगा। जिसकी अनुमानित लागत लगभग 7.01 करोड़ रुपए है। संवाद