भिवानी। युवाओं को नशे से दूर रखने व खेल को अपनाने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से आईसीएस कोचिंग अकादमी की ओर से भिवानी-हांसी रोड पर स्थित जी लिट्रा वैली खेल मैदान में आयोजित सात दिवसीय क्रिकेट प्रतियोगिता का समापन हो गया।
आईसीएस तोशाम के निदेशक मनजीत सिंह ने बताया कि क्रिकेट प्रतियोगिता के समापन अवसर पर फाइनल मुकाबला रतिया व नीलोखेड़ी टीम के बीच हुआ। इसमें रतिया ने नीलोखेड़ी को मात देते हुए जीत की ट्रॉफी अपने नाम की। इस प्रतियोगिता में रतिया प्रथम, नीलोखेड़ी दूसरे व असंध की टीम तीसरे स्थान पर रही।
स्पर्धा में प्रथम स्थान पर रहने वाली टीम को एक लाख, दूसरे स्थान की टीम को 51 हजार व तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम को 21 हजार रुपये की राशि व ट्रॉफी से सम्मानित किया। आईसीएस के निदेशक परिमल ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारती हैं। उनमें टीम स्पिरिट व अनुशासन की भावना को भी बढ़ावा देती है।
उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे शिक्षा के साथ-साथ खेलों को अपनाएं, क्योंकि खेलों से राष्ट्र की तरक्की को गति दी जा सकती है। इसके अलावा खेलों से ना केवल शारीरिक, बल्कि मानसिक विकास भी होता है। ऐसे में प्रत्येक युवा को खेलों को अपनाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखने व खेलों को अपनाने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से इस प्रतियोगिता का आयोजन करवाया गया था। उन्होंने कहा कि युवा नशे से दूर रहकर व खेलों को अपनाकर ही देश की तरक्की के भागीदार बन सकते है। इस मौके पर आईसीएस के सभी ब्रांचों के निदेशक सहित अन्य खेलप्रेमी मौजूद रहे।
राष्ट्रीय नेटबाल चैंपियनशिप के लिए ट्रायल 27 को
भिवानी। हरियाणा नेटबाल एसोसिएशन की महासचिव बबीता ने बताया कि 2025-26 सत्र की ट्रेडिशनल, फास्ट-5, मिक्स, बीच नेटबाल के सब-जूनियर, जूनियर और सीनियर वर्ग की राष्ट्रीय नेटबाल चैंपियनशिप के लिए खिलाड़ियों का ट्रायल होगा। हरियाणा नेटबाल की लड़के व लड़कियां दोनों वर्ग की टीमें चैंपियनशिप में भाग लेगी।
उन्होंने बताया कि इस चैंपियनशिप के लिए हरियाणा की दोनों वर्ग में टीमों के लिए ट्रायल 27 अप्रैल को दोपहर 3 बजे कैथल के इंद्रा गांधी पब्लिक स्कूल में होंगे। खिलाड़ी ट्रायल देकर कैंप का हिस्सा बन सकते हैं। उन्होंने बताया कि ट्रायल कैंप के लिए खिलाड़ी नेटबाल फेडरेशन ऑफ इंडिया 2025-26 की रजिस्ट्रेशन नंबर स्लिप, जन्म प्रमाण पत्र व आधार कार्ड साथ लेकर आए। खिलाड़ी ट्रायल के लिए कोच रॉबिन सिंह, शबनम दहिया और प्रवीण पूनिया से संपर्क कर सकते है।