भिवानी। बाल भवन में बच्चों की प्रतिभा निखारने के लिए बाल महोत्सव-2022 का आयोजन किया जा रहा है। विभिन्न प्रतियोगिताओं में लगभग 150 विद्यार्थियों ने भाग लिया। प्रतियोगिताओं के आखिरी दिन 21 अक्तूबर को रंगोली, फैंसी ड्रेस व भाषण प्रतियोगिताएं करवाई जाएगी।
27 से 29 अक्तूबर तक जिला बाल कल्याण परिषद रोहतक की ओर से जोनल स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन करवाया जाएगा। जिला बाल कल्याण अधिकारी ओमप्रकाश ने बताया कि कार्यक्रम में समूह देशभक्ति गीत व एकल क्लासिकल नृत्य प्रतियोगिता को तीन-तीन वर्गों में आयोजित किया। उन्होंने बताया कि द्वितीय वर्ग में छठीं से आठवीं कक्षा तक के छात्र-छात्राओं, तृतीय वर्ग में नौवीं से दसवीं कक्षा तक के और चतुर्थ वर्ग में 11वीं व 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में डॉ. सविता, कविता, नूतन, रचना व सरिता रानी ने निर्णायक मंडल के सदस्य की भूमिका निभाई। इस अवसर पर कार्यक्रम अधिकारी तृप्ति श्योराण, सहायक कार्यक्रम अधिकारी संदीप कुमार उपस्थित रहे।