भिवानी। जिले में रविवार सुबह और शाम आधे-आधे घंटे तक मेघा खूब बरसे। इस दौरान भिवानी में 11 एमएम, बवानीखेड़ा में 20 एमएम, लोहारू में 16, सिवानी में 14 एमएम, तोशाम 4 एमएम और बहल 14 एमएम बारिश दर्ज की गई। बारिश के बाद शहर के निचले इलाकों में पानी भर गया। बारिश से किसानों के चेहरे खिले हैं, लेकिन कुछ क्षेत्र ऐसे हैं, जहां कपास की फसल को नुकसान की आशंका जताई जा रही है। कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को सलाह दी है कि वे फसल में पानी एकत्रित न होने दें।
शुक्रवार को हुई बारिश के बाद से ही मौसम में बदलाव देखा जा रहा है। शनिवार को भी ज्यादा तेज धूप नहीं थी और बादल छाए रहे। रविवार सुबह करीब पांच बजे बूंदाबांदी शुरू हुई और फिर तेज बारिश हुई। इसके बाद दिनभर धूप खिली। शाम को अचानक मौसम बदला और शाम करीब चार बजे आसमान में बादल छा गए। सवा पांच बजे तेज बारिश शुरू हुई जो करीब आधे घंटे तक चली। भिवानी में सुबह चार एमएम और शाम को सात एमएम बारिश दर्ज की गई। वहीं शहर के हनुमान ढाणी क्षेत्र, सराय चौपटा, पुराना बस स्टैंड, पुराना शहर की कुछ कॉलोनियों में जलभराव हुआ। बवानीखेड़ा, लोहारू, बहल में भी लोगों को जलभराव की समस्या से जूझना पड़ा। बारिश के बाद शाम को ठंडी हवा चलने से लोगों को गर्मी से राहत मिली।
तापमान सामान्य से छह डिग्री कम
पिछले सप्ताह की शुरुआत में अधिकतम तापमान 45 डिग्री तक पहुंच गया था। वहीं रविवार को अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार यह सामान्य से छह डिग्री कम है। न्यूनतम तापमान भी 20 डिग्री दर्ज किया गया। यह भी सामान्य से सात डिग्री कम है।
पिछले कुछ दिन का तापमान
तिथि अधिकतम न्यूनतम
27 मई 45 डिग्री 28.3 डिग्री
28 मई 43.5 डिग्री 30.6 डिग्री
29 मई 40.3 डिग्री 22.6 डिग्री
30 मई 35.7 डिग्री 23.7 डिग्री
31 मई 34.6 डिग्री 20.0 डिग्री
दो दर्जन गांवों में 48 घंटे बाद अस्थायी बिजली आपूर्ति शुरू
लोहारू। क्षेत्र में पिछले तीन दिन से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। रविवार को अधिकतम तापमान 32 और न्यूनतम 23 डिग्री दर्ज किया गया। तीन दिन से हो रही लगातार बारिश से कपास के खेतों में बरसात का पानी खड़ा होने के कारण कपास के पौधों के जलने की शिकायत शुरू हो गई है। कृषि अधिकारियों ने किसानों को हिदायत दी है कि कपास के खेत में जमा बारिश के पानी की निकासी की जल्द व्यवस्था करें अन्यथा कपास के पौधों में नुकसान हो सकता है। क्षेत्र के करीब दो दर्जन गांव में 48 घंटे बाद रविवार को अस्थायी रूप से बिजली सप्लाई शुरू की गई। शुक्रवार को आए तेज अंधड़ में कई जगह बिजली पोल टूट गए थे। जिस कारण दो दर्जन गांवों की बिजली ठप हो गई थी।
बारिश से पहले आसमान में गहराए काले बादल।- फोटो : Bhiwani