फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bhiwani News: बारिश का कहर... चार ड्रेन टूटीं, 7600 एकड़ भूमि जलमग्न

Wed, 03 Sep 2025 01:51 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, भिवानी
विज्ञापन
ड्रेन टूटने से गांव तिगड़ाना में हुआ जलभराव।
विज्ञापन
भिवानी। लगातार दूसरे दिन हुई मूसलाधार बारिश ने जिले में हालात बिगाड़ दिए। सोमवार शाम चार बजे गांव धनाना के समीप समाण-धमाणा ड्रेन दो जगह से टूट गई। इसके साथ ही बजीना माइनर, भुरटाना माइनर और बास मल्टीपर्पज ड्रेन भी टूट गईं, जिससे प्रशासन की मुश्किलें बढ़ गईं। बारिश और ड्रेन टूटने से जिले की करीब 7600 एकड़ भूमि जलमग्न हो गई।
विज्ञापन

कई गांवों में घरों और राजकीय विद्यालयों में पानी भर गया। सागवान गांव में हालात इतने बिगड़े कि लोग घरों को छोड़कर पलायन करने को मजबूर हो गए। जिला प्रशासन ने राहत कार्य शुरू कर दिया है। सिंचाई विभाग ने टूटे हिस्सों को दुरुस्त करने का काम तेज कर दिया है और बुधवार तक मरम्मत पूरी होने की संभावना है।


एसपी आवास के आगे तीन फीट पानी भरा, मिल्क प्लांट डूबा
भिवानी-हांसी मुख्य मार्ग पर पुलिस अधीक्षक आवास के सामने मंगलवार को करीब तीन फीट तक बरसाती पानी भर गया। पास ही स्थित मिल्क प्लांट भी पानी में डूब गया। वाहन चालक दरिया जैसे हालात में आवागमन करते नजर आए। यहां पानी निकासी की कोई व्यवस्था नहीं है जिससे सड़क भी टूट गई और गहरे गड्ढे बन गए। वाहन चालक गड्ढों की गहराई का अंदाजा नहीं लगा पा रहे हैं जिससे खतरा बढ़ गया है।
विज्ञापन



आलमपुर में मकान की छत गिरी, बाल-बाल बचे परिजन
गांव आलमपुर में तेज बारिश के कारण धर्म सिंह के मकान का एक कमरा और दीवार भरभराकर गिर गई। हादसे के समय परिवार के सदस्य दूसरे हिस्से में मौजूद थे, जिससे किसी की जान नहीं गई लेकिन मकान और घरेलू सामान को भारी नुकसान हुआ। धर्म सिंह ने बताया कि तेज बारिश के बीच जोरदार आवाज के साथ घर का बड़ा हिस्सा ढह गया।


गांव सागवान में पलायन शुरू, पशुधन रिश्तेदारों के यहां भेजा
तोशाम। करीब एक माह पहले ड्रेन टूटने से गांव सागवान और दांग में आई बाढ़ जैसी स्थिति लगातार बिगड़ रही है। लगातार बारिश ने हालात और खराब कर दिए। ग्रामीण अब घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर जा रहे हैं। कई परिवारों ने अपने पशुधन को रिश्तेदारों के घर भेज दिया है जबकि कुछ लोग कस्बे तोशाम में मकान तलाश रहे हैं। मंगलवार को दिनभर गांव में पिकअप, ट्रैक्टर-ट्रॉली आदि से घरेलू सामान सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया।
ग्रामीण बिजेंद्र ने बताया कि उन्होंने अपना सामान तोशाम शिफ्ट कर दिया है और पशुओं को भी निकाल रहे हैं। स्कूल में चार से पांच फीट तक पानी भर गया है, जिससे कक्षाएं दूसरी जगह शिफ्ट करनी पड़ीं, लेकिन वहां भी पानी पहुंच गया। सरपंच प्रतिनिधि बलजीत सिंह ने बताया कि जलभराव की वजह से गांव में स्थिति बेहद खराब है, लोग लगातार पलायन कर रहे हैं।

गलियों में भरा पानी, तीन घंटे बाद निकासी
मंगलवार सुबह तेज बारिश से शहर की गलियां पानी में डूब गईं। करीब तीन घंटे बाद कई इलाकों से पानी निकाला गया लेकिन जहां निकासी व्यवस्था नहीं थी, वहां जलभराव के बीच ही आवागमन करना पड़ा। पांच से छह जगहों पर बिजली ट्रांसफार्मर जलने से कई कॉलोनियों में सोमवार रात से बिजली आपूर्ति ठप रही। निगम अधिकारी दिनभर बहाली में जुटे रहे।

तोशाम में बाढ़ नियंत्रण कक्ष स्थापित
एसडीएम रवि मीणा ने बताया कि डीसी साहिल गुप्ता के निर्देश पर तोशाम में बाढ़ नियंत्रण कक्ष स्थापित कर दिया गया है। उपमंडल परिसर के कमरा नंबर 3 में बने इस कक्ष के लिए नायब तहसीलदार विकास को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। लोग बाढ़ से संबंधित सूचना 01253-258352 पर दे सकते हैं।


बजीना माइनर टूटने से सौ एकड़ फसल डूबी
तोशाम। तेज बारिश से रिवासा के पास बजीना माइनर टूट गई, जिससे करीब 90 से 100 एकड़ फसल पानी में डूब गई। किसानों की बाजरा, कपास और धान की फसल पूरी तरह बर्बाद हो गई। किसान कमल, राजेश राघव, संजय, शीलू और सुरेश यादव ने प्रशासन से गिरदावरी करवा मुआवजा देने की मांग की। जेई रविंद्र ने बताया कि भारी बारिश से मिट्टी खिसकने से पानी निकासी का रास्ता बंद हो गया और नहर टूट गई। बुधवार तक इसकी मरम्मत कर दी जाएगी।


समाण-धमाणा ड्रेन गांव धनाना के पास दो जगह से टूटी है। इसे पाटने के लिए सिंचाई विभाग की टीम काम कर रही है। बुधवार तक टूटे हिस्सों की मरम्मत कर दी जाएगी। सोमवार रात को मुख्यमंत्री ने अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस कर पुख्ता प्रबंध के निर्देश दिए। डीसी साहिल गुप्ता ने सिंचाई अधिकारियों को आबादी क्षेत्रों में जलभराव से बचाव के लिए तत्काल कदम उठाने को कहा। किसी भी आबादी को प्रभावित नहीं होने दिया गया है। खेतों से पानी की निकासी का काम लगातार चल रहा है। - जितेंद्र मान, कार्यकारी अभियंता, भिवानी वाटर सर्विसेज, सिंचाई विभाग
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें