भिवानी। रेलवे ने खाटू श्याम धाम जाने वाले श्रद्धालुओं और यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेवाड़ी-रींगस-रेवाड़ी और जयपुर-भिवानी-जयपुर के बीच स्पेशल ट्रेनों का संचालन करने का निर्णय लिया है। यात्रियों की बढ़ती मांग के मद्देनजर रेलवे ने यह व्यवस्था की है। इन ट्रेनों के संचालन से श्रद्धालुओं और आम यात्रियों को राहत मिलेगी।
रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कैप्टन शशि किरण के अनुसार गाड़ी संख्या 09633 रेवाड़ी-रींगस एक्सप्रेस स्पेशल ट्रेन 24 अगस्त को रेवाड़ी से रात 10:50 बजे रवाना होकर तड़के 1:35 बजे रींगस पहुंचेगी। वहीं गाड़ी संख्या 09634 रींगस-रेवाड़ी एक्सप्रेस स्पेशल ट्रेन 24 और 25 अगस्त को रींगस से रात 2:20 बजे रवाना होकर सुबह 5:20 बजे रेवाड़ी पहुंचेगी।
रास्ते में यह ट्रेन नारनौल, डाबला, नीम का थाना, कावंट और श्रीमाधोपुर स्टेशनों पर ठहरेगी। इस ट्रेन में डेमू रैक के 16 डिब्बे होंगे। इसके अलावा गाड़ी संख्या 09733 जयपुर-भिवानी एक्सप्रेस स्पेशल ट्रेन 24 अगस्त को सुबह सात बजे जयपुर से रवाना होकर दोपहर 2:20 बजे भिवानी पहुंचेगी। इसी प्रकार गाड़ी संख्या 09734 भिवानी-जयपुर एक्सप्रेस स्पेशल ट्रेन 24 अगस्त को शाम 4:05 बजे भिवानी से रवाना होकर रात 11:25 बजे जयपुर पहुंचेगी।
यह ट्रेन ढेहर का बालाजी, नींदर बैनाड़, चौमू सामोद, गोविंदगढ़ मलिकपुर, रींगस, श्रीमाधोपुर, कावंट, नीम का थाना, मांवड़ा, डाबला, निजामपुर, नारनौल, रेवाड़ी, कोसली, झाडली और चरखी दादरी स्टेशनों पर ठहरेगी। इसमें 9 साधारण श्रेणी के कोच और 2 गार्ड डिब्बों सहित कुल 11 डिब्बे लगाए जाएंगे। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि स्पेशल ट्रेनों के संचालन से खाटू श्याम धाम जाने वाले श्रद्धालुओं और आम यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी।