भिवानी। देवउठनी एकादशी पर अतिरिक्त यात्रीभार को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए तीन अनारक्षित स्पेशल ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है। इनमें भिवानी-कुरुक्षेत्र, कुरुक्षेत्र-फुलेरा और हिसार-रींगस के बीच ट्रेनें चलाई जाएंगी।
उत्तर पश्चिम रेलवे की ओर से गाड़ी संख्या 04743 भिवानी-कुरुक्षेत्र अनारक्षित एकतरफा स्पेशल ट्रेन 18 नवंबर को एक ट्रिप संचालित होगी। यह भिवानी से शाम 4:30 बजे रवाना होकर रात 10 बजे कुरुक्षेत्र पहुंचेगी। रास्ते में कलानौर कलां, रोहतक और पानीपत स्टेशनों पर ठहराव करेगी। ट्रेन में 12 साधारण श्रेणी और दो गार्ड डिब्बों सहित कुल 14 डिब्बे होंगे।
इसी प्रकार गाड़ी संख्या 04745 कुरुक्षेत्र-फुलेरा अनारक्षित स्पेशल ट्रेन 18 से 21 नवंबर तक चार ट्रिप संचालित होगी। यह कुरुक्षेत्र से प्रतिदिन रात 11:30 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 8:30 बजे फुलेरा पहुंचेगी।
हिसार-रींगस-हिसार स्पेशल ट्रेन का संचालन 22 नवंबर तक बढ़ाया
उत्तर पश्चिम रेलवे ने देवउठनी एकादशी पर अतिरिक्त यात्रीभार को देखते हुए हिसार-रींगस-हिसार अनारक्षित स्पेशल ट्रेन के संचालन की अवधि बढ़ा दी है। रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार गाड़ी संख्या 04747 हिसार-रींगस अनारक्षित स्पेशल ट्रेन 19 से 22 नवंबर तक चार ट्रिप संचालित होगी। यह हिसार से प्रतिदिन सुबह 9:55 बजे रवाना होकर शाम 4:30 बजे रींगस पहुंचेगी।
इसी तरह गाड़ी संख्या 04748 रींगस-हिसार अनारक्षित स्पेशल ट्रेन 19 से 22 नवंबर तक चार ट्रिप संचालित होगी। यह रींगस से प्रतिदिन शाम 5:50 बजे रवाना होकर अगले दिन मध्यरात्रि 12:10 बजे हिसार पहुंचेगी। रास्ते में हांसी, बवानीखेड़ा, भिवानी, चरखी दादरी, कोसली, जाटूसाना, रेवाड़ी, अटेली, नारनौल, डाबला, मावंडा, नीमकाथाना, कांवट और श्रीमाधोपुर स्टेशनों पर ठहराव करेगी। ट्रेन में 13 साधारण श्रेणी और दो गार्ड डिब्बों सहित कुल 15 डिब्बे होंगे।
पहले तीन ट्रिप निर्धारित थे: रेलवे ने पहले इस ट्रेन का संचालन 19 से 21 नवंबर तक तीन ट्रिप के लिए निर्धारित किया था। अब यात्रियों की सुविधा को देखते हुए इसे एक दिन बढ़ाकर 22 नवंबर तक कर दिया गया है।