अपने आवास पर जनसमस्याएं सुनते कृषिमंत्री जयप्रकाश दलाल। विज्ञप्ति
- फोटो : Bhiwani
भिवानी। कृषि मंत्री जेपी ने राहुल गांधी की ओर से आरएसएस को लेकर की गई टिप्पणी को गलत बताते हुए कहा कि आरएसएस को लेकर राहुल गांधी की भाषा ठीक नहीं है। कांग्रेस कितने भी प्रपंच कर ले, राहुल को लॉंन्च नहीं कर पाएगी। साथ ही कहा कि जनता को मुफ्त के नारे देकर सत्ता पाने वाले से सावधान रहना चाहिए।
कृषि मंत्री जेपी दलाल शनिवार को अपने आवास पर जनता दरबार लगाकर लोगों की समस्याएं सुन रहे थे। इस दौरान मीडिया से रूबरू होते हुए कृषि मंत्री जेपी दलाल ने बताया कि राहुल गांधी ने हरियाणा में आकर आरएसएस को 21वीं सदी का कौरव कहना ठीक भाषा नहीं है। क्योंकि आरएसएस तो राजनीति से दूर रह कर समाज, राष्ट्र व हिंदुत्व को आगे बढ़ाने वाला संगठन है। वहीं राहुल की यात्रा के समापन पर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की और से सभी विपक्षी पार्टियों को दिए निमंत्रण पर कहा कि कांग्रेस कितने भी प्रपंच कर ले, पर राहुल गांधी को लॉंन्च नहीं कर पाएगी। क्योंकि जनता ने परिवारवादी पार्टियों को नकार दिया है।
वहीं बिहार के बक्सर में किसानों पर लाठीचार्ज होने पर कटाक्ष किया और कहा कि किसान आंदोलन के दौरान हरियाणा को रणभूमि बनाकर बदनाम करने वाले उदार होने लगे हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा में मंडी, भाव, खरीद, मुआवजे का सिस्टम सबसे बेहतर है। इसके साथ ही हिमाचल सरकार द्वारा डीजल के रेट बढ़ाने पर हिमाचल व पंजाब सरकार पर पलटवार कर कहा कि जनता को समझना चाहिए कि ये मुफ्त का नारा देने वाले न देश और न प्रदेश हित में हैं। गौरतलब होगा कि कांग्रेस की दिग्गज नेता किरण चौधरी के गढ़ में कृषि मंत्री जेपी दलाल की पंचायत प्रतिनिधियों के सम्मान में रविवार को रैली है। कृषि मंत्री के अनुसार रैली में हरियाणा बीजेपी के प्रभारी व प्रदेश अध्यक्ष समेत कई बड़े नेता आएंगे।