सरकारी गेहूं की गैरकानूनी सप्लाई की सूचना पर पुलिस ने छापा मारकर 220 बोरी गेहूं पकड़ा, लेकिन दो घंटे बाद पता चला कि सरकारी गेहूं एजेंसी के माध्यम से खरीदा गया है। इसके बाद पुलिस टीम दो घंटे की मशक्कत के बाद खाली हाथ लौट आई।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार देर शाम पुलिस को सूचना मिली कि गांव चांग की इंदिरा कॉलोनी में स्थित एक निजी आटा मिल में सरकारी गेहूं उतारा जा रहा है। पुलिस ने गुप्ता सूचना के आधार पर एसआई टेकराम के नेतृत्व में टीम ने छापा मारा और गेहूं की 220 बोरी पकड़ी।
इसके बाद जब खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारियों को बुलाया गया। विभाग के इंस्पेक्टर समीर व रामफल ने मौके पर पहुंचकर कागजात की जांच की तो पता चला कि गेहूं एक निजी फर्म से खरीदा गया है। टीम को गेहूं खरीद के बिल, गेट पास व अन्य कागजात ठीक मिले। करीब दो घंटे की मेहनत के बाद जहां पुलिस को निराशा हाथ लगी वहीं मामले में खासी किरकिरी भी हुई।
पुलिस देख भागे कर्मचारी व ड्राइवर
गुप्त सूचना के आधार पर आटा मील पहुंची पुलिस को देख मील में काम करने वाले कर्मचारी मौके से फरार हो गए। भिवानी से कैंटर में गेहूं लेकर पहुंचा ड्राइवर भी मौके से फरार हो गया।