विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक विजेता रचना परमार को सम्मानित करते डाॅ. फूल सिंह धनाना।
भिवानी। ग्रीस में आयोजित विश्व कुश्ती चैंपियनशिप के अंडर-17 वर्ग में चीन की खिलाड़ी को मात देकर स्वर्ण पदक जीतने वाली पहलवान रचना परमार के लिए बुधवार को सेक्टर-13 में भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। दी भिवानी रेजीडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन के प्रधान रामकिशन शर्मा और डॉ. फूल सिंह धनाना के नेतृत्व में उपस्थित लोगों ने रचना को नोटों की माला पहनाकर सम्मानित किया और उनकी उपलब्धि को प्रेरणादायी बताया।
डॉ. फूल सिंह धनाना ने बताया कि गांव बौंद खुर्द निवासी रचना परमार ने 43 किलोग्राम भार वर्ग के फाइनल में चीन की खिलाड़ी को 3-0 से हराकर स्वर्ण पदक हासिल किया। फाइनल तक पहुंचने के सफर में उन्होंने कनाडा, मिस्र और अमेरिका की प्रतिद्वंद्वी पहलवानों को मात दी। उन्होंने कहा कि रचना की यह उपलब्धि नारी शक्ति का प्रतीक है और यह अन्य बेटियों को भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।
डॉ. धनाना ने बताया कि रचना इससे पहले जूनियर एशियन चैंपियनशिप में भी स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं। अब उन्होंने विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में भी सुनहरा प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन किया है। उन्हें विश्वास है कि रचना भविष्य में ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी और मेडल जीतकर देश का गौरव बढ़ाएंगी।
अपनी सफलता का श्रेय रचना परमार ने पिता अजीत कुमार सरपंच, माता समा देवी और कोच नरेश परमार को दिया। इस अवसर पर पूर्व चेयरमैन विजय पंचगांवा, कमल प्रधान, अमरजीत परमार, दिलबाग प्रधान, प्रधान धर्मबीर नेहरा सहित अनेक लोग मौजूद रहे।