गांव हालुवास स्थित एक पेट्रोल पंप पर एक कार में तीन हजार का पेट्रोल डलवाकर चालक कार लेकर फरार हो गया। इस दौरान मशीन से पाइप भी उखड़ गया। मामले की शिकायत सौ नंबर पर भी पुलिस को दी गई। जिसके बाद इसकी लिखित शिकायत थाने में दी गई। इस पर पुलिस ने केस दर्ज किया।
हालुवास सर्विस स्टेशन पंप मालिक मनीष ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि गत 11 अक्तूबर की सुबह करीबन पांच बजे एक टैक्सी नंबर की स्वीफ्ट गाड़ी पंप पर आई और चालक ने गाड़ी में कारिंदे से तीन हजार का तेल डालने के लिए बोला। इस दौरान जब कारिंदा गाड़ी के टैंक में पाइप से तेल डाल रहा था कि इसी दौरान आरोपी ने बिना पैसे का भुगतान किए ही गाड़ी को दौड़ा दिया। पेट्रोल डालने की मशीन का पाइप भी गाड़ी के टैंक में ही फंसा था, वो भी झटके से उखड़ गया। मनीष ने बताया कि आरोपी तीन हजार का तेल डलवाकर बिना भुगतान गाड़ी लेकर फरार हो गया और उसकी इस हरकत से मशीन में भी 22 हजार रुपये का नुकसान हो गया। पेट्रोल पंप पर तैनात कारिंदे ने बताया कि टेक्सी नंबर की स्वीफ्ट गाड़ी में चार लोग सवार थे। तेल डलवाने के बाद वे इतनी देवीलाल मूर्ति की तरफ गाड़ी को दौड़ाते हुए फरार हो गए।
सदर पुलिस थाना के जांच अधिकारी एचसी प्रवेश ने बताया कि पुलिस ने इस संबंध में मनीष की शिकायत पर अज्ञात गाड़ी चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी गाड़ी चालक की तलाश में जुटी है।