भिवानी। जिलेभर की मंडियों में गेहूं की आवक तेज हो गई है। शनिवार तक जिलेभर में 2562 किसानों का 17058 मीट्रिक टन गेहूं खरीदा जा चुका है। लेकिन इसमें से मात्र 561 मीट्रिक टन गेहूं का ही उठान हुआ है। शनिवार से ही एफसीआई के गोदामों में गेहूं का भंडारण शुरू किया गया। उठान में देरी के कारण अब तक किसानों को गेहूं का भुगतान नहीं हुआ है।
मंडियों में 16497 मीट्रिक टन गेहूं का अभी भी उठान बाकी है। आढ़तियों को भी ढुलाई मजदूर नहीं मिल रहे हैं। मंडियों में ढुलाई मजदूरों के टोटा ने अधिकारियों की मुश्किलें भी बढ़ा दी हैं। उठान धीमा और आवक तेज होने से किसानों का गेहूं और सरसों भी मंडियों की सड़कों तक आ पहुंची है।
भिवानी जिले की 11 मंडियों में गेहूं के साथ-साथ सरसों की खरीद भी चल रही है। जिले की मंडियों में सभी सरकारी एजेंसियां अब तक 17058 मीट्रिक टन गेहूं की सरकारी खरीद करा चुकी हैं। जिसमें से 561 मीट्रिक टन गेहूं का ही उठान हुआ है। उठान के इंतजार मेंं मंडियों में हजारों कट्टे खुले आसमान के नीचे पड़े हैं। मौसम विभाग के अनुसार एक बार फिर मौसम बिगड़ेगा। अगर खरीद हो चुके गेहूं का उठान नहीं हुआ तो फिर से बारिश भीगकर अनाज की गुणवत्ता कम हो जाएगी। मंडियों में आवक तेज होने और खरीद की व्यवस्था बिगड़ने से किसान भी परेशान हैं। उन्हें मंडियों में न पीने के पानी के प्रबंध हैं न ठीक से आराम के लिए कोई जगह मिल रही है।
सरसों का हुआ किसानों के खाते में भुगतान
हैफेड अब तक जिले के छह हजार 39 किसानों की 13 हजार 490 मीट्रिक टन सरसों की सरकारी खरीद कर चुकी है। इन किसानों के खाते में 17 करोड़ 66 लाख रुपये की राशि का भुगतान भी किया जा चुका है। जबकि अब भी रोजाना ही मंडियों में दो हजार क्विंटल से अधिक सरसों की आवक हो रही है। इसकी खरीद लगातार जारी है।
मंडी में उठान अभी धीमा चल रहा है। मंडी में करीब 68 हजार गेहूं कट्टे रखे हैं। लेबर की कमी भी बनी है। एफसीआई के अधिकारियों से भी लगातार बातचीत की जा रही है। जब तक उठान नहीं होता तब तक भिवानी मंडी में नई खरीद भी संभव नहीं है।
- मुकेश कुमार, सहायक खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी, भिवानी।
सरसों की खरीद लगातार जारी है। अब तक छह हजार से अधिक किसानों का खाते में उनकी सरसों की फसल का भुगतान कराया जा चुका है। जिन किसानों की सरसों खरीद के बाद उठान हो चुका है, उनके खाते में पैसे भेजे जा रहे हैं।
- राजेंद्र सिंह, जिला प्रबंधक, हैफेड भिवानी।
एफसीआई के गोदामों में शनिवार से गेहूं का भंडारण शुरू हुआ है। भंडारण के दौरान मंडियों से आने वाले गेहूं की भी जांच कराई जा रही है। जिन कट्टों में गेहूं के साथ मिट्टी भराई मिलती है तो उन्हें वापस भेजा जाएगा।
- भारत सिंह, मैनेजर, एफसीआई, भिवानी।