भिवानी। गांव धनाना के जाटू खाप 84 के ऐतिहासिक बंगले पर शनिवार दोपहर बाद किसान आंदोलन की स्टार प्रचारक एवं पंजाब की फिल्म अभिनेत्री सोनिया मान पहुंची। जाटू खाप 84 के 300 साल पुराने ऐतिहासिक बंगले में पहली बार किसी महिला को सम्मानित किया गया। अब तक ऐतिहासिक बंगले में किसी भी महिला ने पंचायत या सभा में कोई हिस्सा नहीं लिया था।
सोनिया मान ने बंगले में मौजूद किसानों का आह्वान किया कि किसान आंदोलन तेज करने के लिए बॉर्डरों पर चल रहे धरनों पर हाजिरी बढ़ाएं। जब तक केंद्र सरकार कृषि कानूनों को रद्द नहीं करती तब तक किसानों का ये आंदोलन जारी रहेगा। सरकार आंदोलन को दबाने के लिए किसानों पर झूठे मुकदमे बना रही है, लेकिन किसान इससे डरने वाले नहीं हैं। आखिर में किसानों की ही जीत होगी।
गौरतलब होगा कि पंजाबी गायक एवं फिल्म अभिनेत्री सोनिया मान किसान आंदोलन की स्टार प्रचारक के तौर पर प्रदेशभर में घूमकर किसानों को आंदोलन में भागेदारी बढ़ाने के प्रति जागरूक कर रही हैं। शनिवार को सोनिया मान ने गांव धनाना, तालू, पपोसा, बोहल सहित आधा दर्जन गांवों का दौरा किया और किसानों से रूबरू हुई। धनाना के ऐतिहासिक बंगले में किसान महिला विंग की तरफ से सोनिया मान को सम्मानित किया गया, यह पहला मौका था, जब किसी महिला को बंगले में ये गौरव मिला हो। इससे पहले 300 साल के इतिहास में किसी भी महिला को बंगले में सम्मानित नहीं किया और न ही सभा व पंचायत में कोई महिला पहुंची। इस मौके पर सुंदर पहलवान बामला, कुलदीप धनाना, पवन धनाना, अजीत धनाना, राज सिंह धनाना, नरेंद्र तालू, संदीप मिताथल सहित अनेक किसान मौजूद थे।