भिवानी के वार्ड 17 और 18 में जनता दरबार लगाकर समस्याएं सुनते अधिकारी।
भिवानी। डीसी नरेश नरवाल के आदेशानुसार जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों ने सोमवार को वार्ड 17 और वार्ड 18 में जनता दरबार लगाया। विभाग के कार्यकारी अभियंता सुनील रंगा, एसडीओ सतीशचंद्र और सूर्यप्रकाश जैन, जेई आशीष, कुणाल श्योराण, पंकज शर्मा व महेंद्र स्वामी और जल संरक्षण जिला सलाहकार अशोक भाटी ने नागरिकों की पेयजल व सीवरेज संबंधित समस्याएं सुनीं।
डीसी के निर्देशानुसार विभाग के अधिकारियों ने वार्ड 17 के लिए लोहारू रोड पर शिव मंदिर और वार्ड 18 के लिए जीतूवाला जोहड़ के नजदीक विकास धर्मशाला में जनता दरबार लगाया। वार्ड 17 के लोगों ने अधिकारियों से कहा कि उनके क्षेत्र में सीवरेज लाइन हमेशा ब्लॉक रहती है। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस पर अधिकारियों ने कहा कि सीवरेज लाइनों की जल्द सफाई करवा दी जाएगी। इसी प्रकार से नागरिकों ने अधिकारियों से पर्याप्त एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाने की मांग भी की।
वार्ड 18 के नागरिकों ने अधिकारियों के समक्ष पर्याप्त पेयजल के लिए नया बूस्टर स्थापित करवाने की मांग रखी। उनकी समस्या का समाधान के लिए यहां पर नया बूस्टर लगाया जाना जरूरी है। इस पर विभाग के अधिकारियों ने कहा कि बूस्टर के लिए जमीन मुहैया करवानी पड़ेगी। वार्डवासी जगह तलाश कर विभाग को बता दें ताकि वहां पर बूस्टर लगाया जा सके। अधिकारियों ने नागरिकों को आश्वासन दिया कि उनकी समस्या के बारे में उच्चाधिकारियों को अवगत करवाया जाएगा। नागरिकों से आह्वान किया कि वे पानी की बचत करें। सीवरेज लाइनों में कूड़ा-कचरा न जाने दें ताकि सीवरेज लाइन ब्लॉकेज न हो।